राष्ट्रीय

ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधु का स्वदेश वापसी पर भव्य स्वागत

Desk Editor
4 Aug 2021 5:35 AM GMT
ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधु का स्वदेश वापसी पर भव्य स्वागत
x

पीआईबी दिल्ली : पी वी सिंधु की भारत वापसी पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, कि सिंधु भारत की प्रतीक हैं, प्रेरणा हैं और देश के लिए खेलने का सपना देखने वाले सभी भारतीयों के लिए आदर्श।

मुख्य झलकियां :

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू, जी किशन रेड्डी और निसिथ प्रमाणिक भी पी वी सिंधु को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

पीवी सिंधु ने कहा कि...मैं अपने माता-पिता को उनके निरंतर समर्थन और त्याग के लिए धन्यवाद देना चाहती हूँ और मेरे साथ लगातार मेहनत करने और इस सपने को साकार करने के लिए मेरे कोच को धन्यवाद देती हूँ।

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में चीन की ही बिंग जियाओ पर सीधे गेम में जीत के साथ कांस्य पदक जीतने और लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधु को आज स्वदेश लौटने पर सम्मानित किया। पी वी सिंधु दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।

एक गर्मजोशी भरे समारोह में सिंधु और उनके कोच पार्क ताए सांग का अभिनंदन करने के लिए ठाकुर के साथ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण; केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू; केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास, संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक तथा खेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। सिंधु के माता-पिता पी विजया और पीवी रमना कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए हैदराबाद से नई दिल्ली पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में सांसद श्याम बापू राव, बंदी संजय कुमार, अरविंद धर्मपुरी और टी.जी. वेंकटेश भी उपस्थित थे।

Next Story