राष्ट्रीय

लद्दाख में एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 9 जवान वीर गति को प्राप्त

Shiv Kumar Mishra
19 Aug 2023 5:52 PM GMT
लद्दाख में एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 9 जवान वीर गति को प्राप्त
x
एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 9 जवान वीर गति को प्राप्त हुए हैं। यह दुर्घटना लद्दाख के क्यारी शहर से 7 किमी दूर हुई। वाहन के खाई में गिरने से सेना के 9 जवानों की जान चली गई।

लद्दाख में बड़ा हादसा हुआ है। क्यारी शहर से 7 किमी दूर एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 9 जवान वीरगति को प्राप्‍त हुए हैं। एक अन्‍य घायल है। वाहन के खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। वीरगति को प्राप्‍त करने वालों में एक जेसीओ (जून‍ियर कमीशंड ऑफ‍िसर) और बाकी 8 जवान हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के क्‍यारी के पास हुई।भारतीय सेना के अधिकारियों ने बताया कि एक ALS वाहन काफिले में लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। लगभग 5:45-6:00 बजे शाम को क्‍यारी से 7 किलोमीटर पहले यह खाई में फिसल गया। वाहन में सेना के 10 जवान सवार थे। इनमें से नौ की मौत हो गई। एक घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर शोक व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने ट्वीट करके कहा, 'लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने कहा कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे और यह वाहन लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। रास्ते में वाहन के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। वाहन खाई में गिर गया। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा इकाई ले जाया गया। यहां आठ कर्मियों को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में एक और जवान की मौत हो गई। एक अन्य जवान का उपचार चल रहा है। उसकी हालत 'गंभीर' बताई गई है।

Next Story