राष्ट्रीय

मोदी के बर्थडे पर वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड: देश में एक दिन में ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने का इतिहास बना

Arun Mishra
18 Sep 2021 3:27 AM GMT
मोदी के बर्थडे पर वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड: देश में एक दिन में ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने का इतिहास बना
x
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है। शुक्रवार को एक दिन में 2.50 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। CoWIN पोर्टल के मुताबिक, देर रात 12 बजे तक वैक्सीन की 2 करोड़ 50 लाख 10 हजार 390 डोज लगाई गई। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि दुनिया में अब तक एक दिन कहीं भी वैक्सीन की इतनी डोज नहीं दी गई हैं।

वैक्सीनेशन की रिकॉर्ड रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे तक ही वैक्सीन के एक करोड़ से ज्‍यादा डोज लगाए जा चुके थे। महज 9 घंटे में ही यह आंकड़ा 2 करोड़ को पार कर गया था। देशभर में हर घंटे 17 लाख, प्रत्येक मिनट 28 हजार और हर एक सेकेंड में 444 डोज लगाए गए।

राज्यों की बात करें तो अकेले कर्नाटक में शुक्रवार को 26.92 लाख डोज लगाए गए। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने कहा- मैं उन सभी स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस ऐतिहासिक टीकाकरण अभियान में शामिल रहे हैं।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन के 77.77 करोड़ से ज्‍यादा डोज उपलब्ध कराए गए है। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन के 6.17 करोड़ से ज्‍यादा डोज उपलब्ध हैं।

Next Story