राष्ट्रीय

Jitendra Narayan Tyagi Arrest : धर्म बदलकर वसीम रिजवी से बने जितेंद्र त्यागी गिरफ्तार

Arun Mishra
13 Jan 2022 1:19 PM GMT
Jitendra Narayan Tyagi Arrest : धर्म बदलकर वसीम रिजवी से बने जितेंद्र त्यागी गिरफ्तार
x
जितेंद्र को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे लेकर सीधे हरिद्वार कोतवाली पहुंची..!

Jitendra Narayan Tyagi Arrest : बीते दिनों हरिद्वार में आयोजित कथित धर्म संसद में मुसलमानों के खिलाफ जहरीली बयानबाजी करने वाले जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिज़वी को गुरुवार के दिन हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी हरिद्वार आने के दौरान पुलिस ने नारसन बॉर्डर पर की। जितेंद्र को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे लेकर सीधे हरिद्वार कोतवाली पहुंची। त्यागी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कई लोग कोतवाली पहुंच गए। जिसमें विवादित स्वामी दर्शन भारती भी शामिल है।

लम्बे समय से इस्लाम धर्म के खिलाफ टिका-टिप्पणी कर रहे शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिज़वी ने हाल ही में इस्लाम धर्म छोड़कर हिन्दू धर्म स्वीकार किया था। इस्लाम धर्म के खिलाफ अपनी किताब को लेकर सुर्खियों में आए वसीम रिजवी को इसके बाद जितेन्द्र नारायण सिंह त्यागी के नाम से जाना जाने लगा। इसी जितेंद्र त्यागी व कुछ और लोगों पर हरिद्वार में आयोजित एक कथित धर्म संसद में मुसलमानों के खिलाफ जहरीली बयानबाजी करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी मुकदमे के सिलसिले में जितेंद्र को आज हरिद्वार आते वक्त हरिद्वार पुलिस ने नारसन बॉर्डर पर हिरासत में लिया हिरासत में लेने के बाद पुलिस वसीम रिजवी को लेकर हरिद्वार कोतवाली पहुंची। इस धर्मसंसद का आयोजन खड़खड़ी स्थित स्थित वेद निकेतन में 17 से 19 दिसंबर तक हुआ था। जिसके मुसलमानों के खिलाफ जहरीले भाषण देने का वीडियो वायरल होने के बाद जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिजवी सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

ज्वालापुर निवासी गुलबहार खां ने शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिजवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में मुकदमे में चार संतों के नाम भी जोड़े गए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस जितेंद्र से जरूरी पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।


Next Story