राष्ट्रीय

रामलीला मैदान में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी से आये लाखों शिक्षक व कर्मचारियों का उमड़ा जनसैलाब, 2024 में चलेगा वोट फॉर OPS - विजय कुमार बंधु

Shiv Kumar Mishra
1 Oct 2023 11:46 AM GMT
रामलीला मैदान में कश्मीर से लेकर  कन्याकुमारी से आये लाखों शिक्षक व कर्मचारियों का उमड़ा जनसैलाब, 2024 में चलेगा वोट फॉर OPS - विजय कुमार बंधु
x
अटेवा/NMOPS के कारण ही आज पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दा चुनावी मुद्दा बन गया है।

नई दिल्ली। पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर देश के हर कोने से शिक्षक व कर्मचारियों का रैला सुबह होते ही रामलीलबमैदान पर पहुँचना शुरू हो गया। दिल्ली की सभी सड़कों पर NMOPS/ATEWA के टोपी लगाकर शिक्षक व कर्मचारियों ने अनुशासित ढंग से दिल्लीवासियों का दिल जीत लिया। जिस पर टोपी लगाए रेलवे स्टेशन पर पेंशनविहीनों की भारी भीड़ हो गई जिसके कारण रेलवे स्टेशन से निकलना मुश्किल हो गया। दिल्ली की सड़कें जाम हो गई। हर तरफ शिक्षक व कर्मचारी अटेवा/NMOPS की टोपी लगा कर पुरानी पेंशन बहाल करो के नारे लगाते हुए रेलवे स्टेशन से रामलीला मैदान की ओर से बढ़ते रहे। कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों के लाखों शिक्षक कर्मचारियों ने NPS निजीकरण भारत छोड़ो, पुरानी पेंशन बहाल करो, NMOPS जिंदाबाद, अटेवा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

अलग राज्यों के कर्मचारियों ने अपने अपने अंदाज में सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। तमाम कर्मचारियों ने जो OPS बहाल करेगा। वही देश पर राज करेगा की टी-शर्ट पहन कर पुरानी पेंशन बहाली के नारे लगा रहे थे और सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे थे। रामलीला मैदान की तैयारी दिल्ली NMOPS के संरक्षक डी0एन0 सिंह ने संभाल रखी थी तथा मंच को तैयार करने का काम बखूबी किया।


NMOPS के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने पेंशन शंखनाद महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब पश्चिम बंगाल, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कर सकते हैं तो विश्व मे आज भारत आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है तो वह अपने कर्मचारियों को पेंशन क्यों नही दे सकता है। अगर सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं की तो आने वाले चुनाव में वोट फ़ॉर OPS अभियान चलाकर पुरानी पेंशन बहाल कराएंगे।

NMOPS के राष्ट्रीय महासचिव स्थित प्रज्ञ ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिये पूरा देश एकजुट हो गया है। अब देश का शिक्षक व कर्मचारी जाग गया है वह पेंशन लेकर ही रहेगा। चाहे उसके लिये उसे कुछ भी करना पड़े।रैली का सफल संचालन NMOPS के राष्ट्रीय सचिव डॉ0नीरजपति त्रिपाठी ने किया। NMOPS हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनाव में पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दा लोगों के सर चढ़ कर बोल रहा था हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक नागरिक ने पुरानी पेंशन बहाल कराने की शपथ ली थी और उन्होंने अपनी शपथ पूरी की। राजस्थान NMOPS के प्रदेशाध्यक्ष कोजाराम सियाग ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुरानी पेंशन बहाल कर पूरे देश में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है।

हरियाणा पेंशन बहाली संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल ने कहा कि पुरानी पेंशन जीवन मरण का प्रश्न है इसलिए हरियाणा में होने वाले चुनाव में कर्मचारी पुरानी पेंशन को मुद्दा बनाएगा।NMOPS उड़ीसा के सुशांत पांडा ने कहा दिल्ली में पूरे देश के कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिये जो एकजुटता दिखाई है इसी एकजुटता से पुरानी पेंशन बहाल होगी। पंजाब से NMOPS के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखजीत सिंह ने कहा कि आज रामलीला मैदान पर उमड़ी भीड़ प्रधानमंत्री जी को पुरानी पेंशन बहाल करने पर मजबूर कर देगी। दिल्ली जी0एस0टी0ए0 महासचिव अजयवीर यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली में दिल्ली ने हमेशा बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया है और पुरानी पेंशन के लिये भारत सरकार पर पूरा दबाव बनाकर पेंशन बहाल कराएगा। स्वास्थ्य महासंघ के अशोक कुमार ने कहा कि अटेवा /NMOPS ने देश के राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल करवाकर सराहनीय कार्य किया है।

अटेवा/NMOPS के कारण ही आज पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दा चुनावी मुद्दा बन गया है।


सिक्किम NMOPS के प्रदेश अध्यक्ष पेमा खांडू ने कहा कि सिक्किम के मुख्यमंत्री ने अभी हाल ही पुरानी पेंशन बहाली पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए कहा कि हम अपने राज्य में पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। बिहार NMOPS के प्रदेश अध्यक्ष वरुण पांडेय ने कहा कि NMOPS द्वारा बिहार से शुरू की गई NPS निजीकरण भारत छोड़ो यात्रा का असर बिहार सरकार पर इतना पड़ा है कि अभी हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन पर अपना रुख सकारात्मक दिखाया है। रेलवे फ्रंट अगेंस्ट NPS के अमरीक सिंह ने कहा कि रेलवे का कर्मचारी अब पुरानी पेंशन बहाल करा कर ही दम लेगा। उ0प्र0लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव ने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजी सरकार भी अपने मुलाजिमों को पेंशन देती थी और आजादी के बाद हमारी पेंशन छिन गयी। स्वास्थ्य बमहासंघ के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार ने कहा कि पेंशन हर शिक्षक व कर्मचारी का अधिकार है हम इसे लेकर रहेंगे।

NMOPS के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और कर्नाटक इकाई के शांताराम तेजा ने कहा कि कर्नाटक में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर ही सरकार बदली है।NMOPS के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ0राजेश कुमार ने कहा कि आज पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे ने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरो दिया है। पेंशन शंखनाद रैली को समर्थन देने के लिट् सुबह से ही विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं का तांता लगा रहा।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा,भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सांसद संदीप दीक्षित, दिल्ली से विधायक अरविन्दर सिंह लवली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अजय कुमार लल्लू , सपा उ0प्र0 से एम0एल0सी0लाल बिहारी यादव, डॉ मान सिंह यादव, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बसपा से लोकसभा सांसद श्याम सिंह यादव, महाराष्ट्र जूनी पेंशन के एम0एल0सी0सुधाकर अड़वाले, भारतीय किसान यूनियन के राकेश सिंह टिकैत ने रैली को संबोधित कर पुरानी पेंशन बहाली का समर्थन किया और सभी ने एक सुर में कहा कि जैसे ही हमारी सरकार बनेगी हम पुरानी पेंशन बहाल करेंगे।


Next Story