राष्ट्रीय

MCD Mayor Election: आज मिलेगा दिल्ली को मेयर या फिर होगा बवाल, सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम

Special Coverage Desk Editor
24 Jan 2023 10:55 AM IST
MCD Mayor Election: आज मिलेगा दिल्ली को मेयर या फिर होगा बवाल, सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम
x
MCD Mayor Election: दिल्ली नगर निगम के महापौर, उपमहापौर सहित स्थायी समिति के छह सदस्य के पद पर आज फिर से दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में चुनाव आयोजित होंगे और इस चुनाव से पहले शपथ ग्रहण पर दिल्ली वासियों की विशेष नजर रहेगी।

MCD Mayor Election: दिल्ली नगर निगम (MCD) के महापौर, उपमहापौर सहित स्थायी समिति के छह सदस्य के पद पर आज फिर से दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में चुनाव आयोजित होंगे और इस चुनाव से पहले शपथ ग्रहण पर दिल्ली वासियों की विशेष नजर रहेगी। दिल्ली नगर निगम प्रशासन ने इस बार फिर से हंगामा ना हो इसके लिए सभागार के अंदर और बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

बता दें कि बीती छह जनवरी को उक्त पदों पर चुनाव होने से पहले नियमानुसार शपथ ग्रहण समारोह शुरू ही हुआ था और आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने यह कहकर हंगामा शुरू कर दिया कि पहले जनता द्वारा निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई जाती है जबकि बाद में एल्डरमैन यानि एलजी द्वारा मनोनीत सदस्यों को।

वहीं, बताया गया कि एलजी द्वारा नियुक्त पीठासीन अधिकारी अपने विवेकाधिकार से किसी भी सदस्य को शपथ दिला सकती है। इस बात को लेकर पहले कहासुनी और फिर भारी हंगामा शुरू हो गया। कुर्सियां उठाना, मारपीट करना आदि के चलते बैठक कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी और फिर पीठासीन अधिकारी ने बैठक शुरू करनी चाही लेकिन सदस्य नहीं माने तो बैठक को अगली तारीख तक स्थगित कर दिया गया।

शपथ ग्रहण और महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के 6 सदस्यों के चुनाव के लिए आज सिविक सेंटर में मजबूत सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, साथ ही मीडिया के प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। मंगलवार को आयोजित चुनाव को लेकर सोमवार को सिविक सेंटर में सुरक्षा कर्मियों के रूप में तैनात होने सिविल डिफेंस कर्मी और निजी कंपनी के सुरक्षा कर्मियों को विभिन्न स्थितियों के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा था। इस दौरान सभागार के पास करीब 60 सिविल डिफेंस कर्मचारी देखे गए। बताया गया कि सभागार में सिविल डिफेंस कर्मी मौजूद रहेंगे और पहली मंजिल पर निगम के सुरक्षा कर्मचारी अपना मोर्चा संभालेंगे। इस दौरान बताया गया कि निगम पार्षदों के साथ आने वाले परिजनों, कार्यकर्ताओं को सदन सभागार तक जाने की अनुमति नहीं होगी।

बता दें कि महापौर पद के प्रत्याशियों में शैली ओबरॉय (आप) तथा रेखा गुप्ता (भाजपा) और उपमहापौर पद के प्रत्याशियों में आले मोहम्मद इकबाल (आप) तथा कमल बागड़ी (भाजपा) आमने सामने हैं। महापौर और उपमहापौर के अलावा एमसीडी की स्थायी समिति के छह सदस्यों के भी 24 जनवरी को सदन की बैठक के दौरान निर्वाचित होने की संभावना है। बता दें कि 250 वार्डों में से आप ने 134 वार्ड जीतकर एमसीडी में भाजपा के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया। वहीं, भाजपा ने 104 वार्ड में और कांग्रेस ने नौ वार्ड में और तीन पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।

दिल्ली नगर निगम का गठन अप्रैल 1958 में हुआ था और उसके महापौर के पास 2012 तक प्रभावशाली शक्तियां थीं। वर्ष 2012 में निगम का तीन अलग-अलग नगर निगमों में विभाजन हुआ और प्रत्येक निगम का अपना महापौर बना, लेकिन 2022 में केंद्र ने उत्तर दिल्ली नगर निगम (104 वार्ड), दक्षिण दिल्ली नगर निगम (104 वार्ड) और पूर्वी दिल्ली नगर निगम (64 वार्ड) का विलय कर दिया गया। हालांकि इसमें वार्डों की संख्या 272 से घटाकर 250 कर दी गयी। इस तरह, महापौर के चुनाव के बाद पूरी दिल्ली का 10 साल बाद एक महापौर होगा।

उत्तरी दिल्ली के पूर्व महापौर जय प्रकाश ने कहा कि वक्त निकल रहा है और आप तथा भाजपा को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पार्षदों तथा नामित सदस्यों का शपथ ग्रहण तथा महापौर और उपमहापौर का चुनाव एक साथ हो। महापौर का चुनाव सदन की पहली बैठक में ही हो जाता लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछली बार हंगामे के कारण ऐसा नहीं हो सका। मैं उम्मीद करता हूं कि मंगलवार को यह प्रक्रिया सुचारू रूप से होगी।

भाजपा के पूर्व महापौर जय प्रकाश ने कहा कि यह दिल्ली के लोगों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि पूरे शहर को अब फिर से एक महापौर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अरुणा आसफ अली दिल्ली की पहली महापौर थीं और 2012 तक एमसीडी का तीन अंगों में विभाजन होने से पहले रजनी अब्बी आखिरी महापौर थीं और 10 साल बाद फिर से एक महिला महापौर बनेगी, यह शहर के साथ ही उस व्यक्ति के लिए बड़े सौभाग्य की बात है जो दिल्ली की महापौर बनेंगी।

Next Story