राष्ट्रीय

तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून,जल्द ही होगी उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बारिश, जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम

Satyapal Singh Kaushik
14 Jun 2022 2:15 AM GMT
तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून,जल्द ही होगी उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बारिश, जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम
x
अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के लोगों को लू से मिलेगी राहत

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून अरब सागर, गुजरात, कोंकण, महाराष्ट्र, कर्नाटिक, रायलसीमा, पश्चिम बंगाल तथा बिहार में पहुंच चुका है। मानसून का उत्तरी छोर वर्तमान में दीयू, नंदूरबर, जलगांव, परभनी, बिदर, तिरुपति, पुद्दुचेरी, बालुरघाट और सुपौल से होकर गुजर रहा है।

असम सहित पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अनुमानभारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी से चलने वाली दक्षिण पश्चिम तेज हवाओं की वजह से अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, बिहार, झारखंड और ओड़िशा में अगले पांच दिनों के दौरान भारी बारिश होगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ व विदर्भ के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश होने के आसार बन रहे हैं।

आने वाले दिनों में उत्तर भारत को मिलेगा लू से राहत

भारतीय मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान से उत्तर भारत के राज्यों को लू से राहत मिल जाएगी।

दिल्ली में क्या बन रही है स्थितियां

राजधानी दिल्ली में 16 जून से हल्की बारिश के बाद तापमान कम होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते 16 जून तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। फिलहाल मौसम को देखते हुए 16 जून को हल्की बारिश व बूंदाबादी होने का अनुमान है। वहीं, 17 व 18 जून को भी हल्की बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आएगी। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिनभर तेज लू चलीं। यहां करीब 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। दिनभर अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से अधिकतम पांच डिग्री व न्यूनतम में चार डिग्री तक अधिक था।  मौसम विभाग के मुताबिक 16 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रहेगा। इस दिन हल्की बारिश के आसार हैं।  17 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और 18 जून को 38 डिग्री रहने के आसार हैं। दोनों दिन हल्की बारिश होगी। वहीं, 13 से 15 जून के बीच अधिकतम तापमान 43 से 41 डिग्री तक रहने का आसार हैं। इन तीन दिन 35 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से लू चलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कुछ सालों में 12 से 14 जून के बीच सामान्य तौर पर अधिकतम तापमान 39.6 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। वहीं, 15 से 19 जून के बीच अधिकतम तापमान 39.3 और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। बता दें कि 11 जून को मुंबई में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन पश्चिमोत्तर भारत में अधिकतम तापमान में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक पूर्वानुमान के मुताबिक 15 जून तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की स्थिति बनी हुई है। 16 जून से यहां बारिश के आसार हैं। 15 जून तक पूर्वी और मध्य भारत के हिस्सों में मानसून के बढ़ने की स्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।


Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story