
New Parliament : नई संसद के लिए होगा नया ड्रेस कोड, अब इस ड्रेस में नजर आएंगे कर्मचारी!

नई दिल्ली : नई संसद की भव्य ईमारत बनकर तैयार है। अब खबर आ रही है की नई संसद के कर्मचारियों को नई वर्दी मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक, पुराने संसद भवन से नए संसद भवन में प्रवेश 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगा। पहले दिन 18 सितंबर को पुराने संसद भवन में ही बैठक होगी. इस दिन पुराने संसद भवन के निर्माण से लेकर अब तक की यादों पर चर्चा होगी.
इसके बाद पूजा के बाद नए संसद भवन में प्रवेश होगा और दोनों सदनों की संयुक्त बैठक भी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, संसद भवन के कर्मचारियों के लिए नई वर्दी डिजाइन की गई है। इसे NIFT ने डिजाइन किया है। इसके तहत सचिवालय कर्मचारियों के बंद गले के सूट को बदलकर मैजेंटा या गहरे गुलाबी रंग की नेहरू जैकेट पहन ली जाएगी। यह संसद भवन के टेबल ऑफिस आदि के स्टाफ के लिए ड्रेस है, सदन में कुर्सी के सामने बैठने वाले स्टाफ भी इसे पहनेंगे।
उनकी शर्ट भी गहरे गुलाबी रंग की होगी जिस पर कमल का फूल बना होगा और वे खाकी रंग की पैंट पहनेंगे। आपको बता दें कि दोनों सदनों के मार्शलों की ड्रेस में भी बदलाव किया जा रहा है। वह मणिपुरी पगड़ी पहनेंगे। इसके अलावा संसद भवन के सुरक्षा कर्मचारियों की वेशभूषा भी बदली जाएगी। अब तक वह सफारी सूट पहनते रहे हैं। इसके बदले उन्हें सैनिकों की तरह छलावरण पोशाक दी जाएगी।
आपको बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार संसद के इसी सत्र में एक देश, एक चुनाव का बिल ला सकती है. संसद का विशेष सत्र बुलाने को लेकर विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमला बोला था। इस संबंध में सोनिया गांधी ने पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने पूछा था कि बिना चर्चा के विशेष सत्र की घोषणा क्यों की गयी। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सामान्य प्रक्रिया के तहत संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।




