
इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने की इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश, क्रू मेंबर्स से की बदसलूकी, एयरपोर्ट पर गिरफ्तार!

इंडिगो IndiGo की फ्लाइट के एक यात्री को गुरुवार को अगरतला एयरपोर्ट पर बीच उड़ान में प्लेन का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश करने और क्रू मेंबरों के साथ बदतमीजी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. त्रिपुरा पुलिस के प्रवक्ता ज्योतिस्मान दास चौधरी ने कहा कि बिस्वजीत देबनाथ (41) गुवाहाटी-अगरतला इंडिगो फ्लाइट में उड़ान भर रहे थे. उन्होंने प्लेन का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन उनके सह-यात्रियों ने उन्हें वापस खींच लिया.
ज्योतिस्मान दास चौधरी ने बताया, “जब क्रू टीम के सदस्यों ने उन्हें अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा, तो देबनाथ ने उनके साथ बदतमीजी की. सह-यात्रियों ने आरोप लगाया कि देबनाथ नशे में थे.” अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाईअड्डे पर विमान के उतरने के बाद हवाईअड्डा पुलिस ने देबनाथ को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसी ही एक घटना मंगलवार को दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट में हुई, जहां एक यात्री ने विमान का आपातकालीन निकास खोलने की कोशिश की। यह घटना उड़ान भरने से पहले हुई और व्यक्ति को चेन्नई हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को सौंप दिया गया।




