राष्ट्रीय

Ram Rahim: फिर जेल से बाहर आएगा रेप का दोषी राम रहीम, 56 दिनों बाद ही मिली 40 दिन की दूसरी पैरोल

Special Coverage Desk Editor
21 Jan 2023 12:24 PM IST
Ram Rahim: फिर जेल से बाहर आएगा रेप का दोषी राम रहीम, 56 दिनों बाद ही मिली 40 दिन की दूसरी पैरोल
x
Ram Rahim: रोहतक के सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को एक बार फिर पैरोल मिली है. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने पैरोल पर कड़ी आपत्ति जताई है.

Ram Rahim, Haryana News: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को शुक्रवार को फिर 40 दिन की पैरोल दी गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अपनी दो शिष्याओं के साथ बलात्कार के आरोप में 20 साल की सजा काट रहे राम रहीम को तीन महीने पहले भी 40 दिन की पैरोल दी गई थी. रोहतक के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा ने फोन पर बताया, "पैरोल 40 दिनों के लिए प्रदान की गई है. यह नियमानुसार है. डेरा प्रमुख की आखिरी 40 दिन की पैरोल पिछले साल 25 नवंबर को खत्म हुई थी. वह 14 अक्टूबर को रिहा होने के बाद उत्तर प्रदेश में अपने बरनावा आश्रम गए थे.

इससे पहले, हरियाणा के जेल मंत्री रंजीत सिंह चौटाला ने डेरा प्रमुख की ताजा पैरोल याचिका पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि डेरा प्रमुख ने 40 दिनों के पैरोल के लिए एक आवेदन दायर किया था, जिसे रोहतक संभागीय आयुक्त को भेज दिया गया था. सूत्रों ने बताया कि अपनी पैरोल अवधि के दौरान डेरा प्रमुख के 25 जनवरी को पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम सिंह की जयंती कार्यक्रम में भी शामिल होने की संभावना है.

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर पैरोल दिए जाने पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने हरियाणा सरकार की आलोचना की है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ' बलात्कारी हत्यारे राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल दे दी गई है. बेशर्मी की सारी हदें पार हो चुकी हैं. देशवासी अपनी बेटियों को बचाएं, बलात्कारी आज़ाद घूमेंगे'!

बता दें कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी साबित होने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल में काट रहा है. दो महिला शिष्यों से रेप के मामले में उसे 20 साल की सजा सुनाई गई थी. वह 2017 से ही जेल में बंद है. इसके बाद से उसे कई बार पैरोल दिया जा चुका है. इससे पहले उसे पिछले साल 2022 में उसे तीन बार पैरोल मिली थी.

Next Story