राष्ट्रीय

Russia Attack: मॉस्को में IS के आतंकी हमले में मृतकों का आंकड़ा 143 हुआ, चार हमलावरों समेत 11 संदिग्ध गिरफ्तार

Special Coverage Desk Editor
23 March 2024 8:40 PM IST
Russia Attack: मॉस्को में IS के आतंकी हमले में मृतकों का आंकड़ा 143 हुआ, चार हमलावरों समेत 11 संदिग्ध गिरफ्तार
x
Russia Attack: रूस की राजधानी मॉस्को के एक कॉन्सर्ट हॉल में हुए आतंकवादी हमले में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 143 हो गया है। कुछ लोगों की मौत गोली लगने से और कुछ की हॉल में लगी आग की चपेट में आने से हुई है। कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

Russia Attack: रूस की राजधानी मॉस्को के एक कॉन्सर्ट हॉल में हुए आतंकवादी हमले में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 143 हो गया है। कुछ लोगों की मौत गोली लगने से और कुछ की हॉल में लगी आग की चपेट में आने से हुई है। कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। रूस ने कहा है कि उसकी सुरक्षा एजेंसियों ने हमला करने वाले 4 बंदूकधारियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

रूसी सुरक्षा सेवा ने दावा किया है कि हमलावरों का संबंध यूक्रेन से है और वे हमला करने के बाद यूक्रेन की ओर ही भाग रहे थे। हालांकि, रूस ने अभी हमलावरों के यूक्रेन संबंध को लेकर कोई सबूत पेश नहीं किया है। फिलहाल संदिग्धों को मॉस्को लाया गया है और यहां रूसी सेना उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि, यूक्रेन ने हमले में किसी तरह की भूमिका से इनकार किया है।

रूसी सांसद अलेक्जेंडर खिनशेटिन ने कहा कि हमलावर एक वाहन में भाग रहे थे, जिसे पुलिस ने देर रात मॉस्को से लगभग 340 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में ब्रांस्क क्षेत्र में देखा था। पुलिस ने कार का पीछा कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 अन्य लोग भाग गए, जिन्हें बाद में जंगल से पकड़ा गया। कार में से एक पिस्तौल, एक असॉल्ट राइफल की मैगजीन और ताजिकिस्तान के पासपोर्ट मिले हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले की जिम्मेदारी IS ने ली है। टेलीग्राम पर कथित बयान में IS ने कहा, "IS लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके में एक बड़ी सभा पर हमला किया। हमलावर सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौट आए हैं।"

सुरक्षा के मद्देनजर मॉस्को में होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम और सभाओं को रद्द कर दिया गया है। मॉस्को के चार मुख्य हवाई अड्डों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। मॉस्को के राज्यपाल आंद्रेई वोरोब्योव का कहना है कि बचाव दल को कॉन्सर्ट हॉल के मलबे को हटाने में कई दिन लगेंगे। उन्होंने कहा कि बचावदल यहां 24 घंटे काम कर रहे हैं।

राज्यपाल वोरोब्योव का कहना है कि हमले में पीड़ितों की संख्या अभी भी काफी बढ़ सकती है। रूसी अधिकारियों का कहना है कि 140 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक बच्चे समेत 16 लोग अभी भी अत्यंत गंभीर स्थिति में हैं। 44 अन्य लोगों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और 107 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हताहतों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

दुनियाभर ने की हमले की निंदा

मॉस्को हमले की कई देशों ने निंदा की है। भारत ने कहा कि वो इस दुख की घड़ी में रूस की सरकार और लोगों के साथ खड़ा है। अमेरिका ने कहा कि हमारी संवेदनाएं इस भयानक हमले के पीड़ितों के साथ हैं। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डैविड कैमरन ने कहा, "ब्रिटेन क्रोकस सिटी हॉल में हुए घातक आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है। हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"

Next Story