
नए साल से बदल गए कुछ नियम,जिनका असर पड़ेगा आपकी जेब पर..जानिए वो कौन से नियम हैं

नया वर्ष 2023 अपने साथ कुछ बदलाव लेकर आया है. 1 जनवरी, 2023 से जो चीजें बदल गई हैं, उन्हें जाने लेना जरूरी है. 1 जनवरी, 2023 से बदलने वाली बड़ी चीजों में एलपीजी सिलिंडर की कीमतों से लेकर बैंक लॉकर से जुड़े नियम शामिल हैं.
LPG गैस सिलिंडर की कीमतों में हुआ बदलाव
गैस कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलिंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं. ऐसे में नये साल की शुरुआत पर, यानी 1 जनवरी 2023 को भी LPG सिलिंडर की कीमतों में बदलाव हुआ है. 1 जनवरी 2023 से कमर्शियल सिलिंडर की कीमतें बढ़ गई हैं. वहीं, घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. कमर्शियल सिलिंडर के लिए अब 25 रुपये अधिक खर्च करने होंगे. दिल्ली में कमर्शियल सिलिंडर अब 1769 रुपये में मिलेगा. वहीं, कोलकाता में 1870 रुपये, मुंबई में इसके लिए 1721 रुपये और चेन्नई में 1917 रुपये खर्च करने होंगे. दूसरे पेट्रो प्रोडक्ट्स की बात करें, तो पेट्रोल डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
GST दर भी बदला
वित्त मंत्रालय ने वस्तु एवं सेवा कर यानी GST को लेकर भी बदलाव किया है और यह आज से प्रभावी हो गया है. सरकार ने GST की ई-इन्वॉयसिंग के लिए जरूरी सीमा को 20 करोड़ रुपये से घटाकर पांच करोड़ रुपये कर दी है. ऐसे में जिन व्यापारियों का टर्न ओवर पांच करोड़ रुपये या उससे ज्यादा है, उनके लिए अब इलेक्ट्रॉनिक बिल जेनरेट करना आवश्यक हो जाएगा।
गाड़ियों के दाम बढ़ेंगे
नये साल में गाड़ी खरीदने वाले लोगों को अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी. वाहन निर्माता कंपनियां 1 जनवरी 2023 से गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा पहले ही कर चुकी हैं. और आज से यह प्रभावी भी हो गया है. नये साल से जिनके दाम बढ़ गए हैं, उनमें दोपहिया वाहन भी हैं और कार व एसयूवी गाड़ियां भी शामिल हैं।
Satyapal Singh Kaushik
न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।




