राष्ट्रीय

अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस पर विशेष: कैलाश सत्यार्थी के संघर्षों का नतीजा है अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस

Shiv Kumar Mishra
12 Jun 2020 9:47 AM GMT
अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस पर विशेष: कैलाश सत्यार्थी के संघर्षों का नतीजा है अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस
x
सत्यार्थी जी ने जब इस बारे में सिविल सोसायटी के दुनिया के अन्य देशों के अपने कुछ मित्रों से बात की तो उनकी भी कोई बहुत उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया नहीं थी। कुछ लोगों ने तो तब इसे असंभव करार दिया था। लेकिन सत्यार्थी जी कहां चुप बैठने वाले?

शिव कुमार शर्मा

आज अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस है। लेकिन, बहुत कम लोगों को पता है कि यह दिवस भी भारत की ही देन है। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध बाल अधिकार कार्यकर्ता श्री कैलाश सत्यार्थी ने ही भारत की धरती से "एक दिन बाल मजदूरों के नाम" करने की मांग उठाई थी। श्री सत्यार्थी ने दुनिया के बच्चों के हक लिए लंबी लड़ाई लड़ी है और अभी भी लड़ रहे हैं। उनकी वजह से ही भारत सहित दुनिया के कई देशों में बच्चों के हक में कानून बने हैं। लेकिन आज अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस पर मैं आपको 1998 की उस ऐतिहासिक घटना से रूबरू कराना चाहता हूं जिसकी वजह बच्चों के हक में पहला अंतरराष्ट्रीय कानून बना और बाल मजदूरी करने वाले बच्चों के शोषण के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस की घोषणा हुई।

श्री कैलाश सत्यार्थी ने 1980 में जब अपनी इंजीनियरिंग कालेज की प्रोफेसरी की नौकरी छोड़ कर बाल मजदूरी के खिलाफ अभियान शुरु किया था, तब देश में इससे संबंधित कोई कानून नहीं था। उनके प्रयास से ही 1986 में बाल श्रम के खिलाफ कानून बना। लेकिन, वे चाहते थे कि बाल श्रम के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय कानून बने। ताकि बाल मजदूरी से अभिशप्त गुलामी का जीवन जी रहे दुनिया के करोड़ों बच्चों को इस दलदल से निकाल कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके। नब्बे के दशक में उन्होंने इसके लिए प्रयास करना शुरु किया। लेकिन ऐसा कानून बनवाने लिए विशाल अंतरराष्ट्रीय समर्थन की जरूरत थी। इसके लिए वैश्विक नेताओं और प्रभावी लोगों से संपर्क करना, उन्हें समझाना और फिर कानून बनाने के लिए प्रेरित करना, यह सब आसान काम नहीं था। इसके लिए बहुत ज्यादा धन और संसाधन की जरूरत थी। उस समय सत्यार्थी जी के पास न तो धन था और न ही संसाधन। लेकिन उनके पास अगर कुछ था तो वह थी हिम्मत... बच्चों की जिंदगी बदलने का जज्बा... असीम धैर्य.... और संघर्ष का माद्दा। सत्यार्थी जी ने जब इस बारे में सिविल सोसायटी के दुनिया के अन्य देशों के अपने कुछ मित्रों से बात की तो उनकी भी कोई बहुत उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया नहीं थी। कुछ लोगों ने तो तब इसे असंभव करार दिया था। लेकिन सत्यार्थी जी कहां चुप बैठने वाले?

उन्होंने ठान लिया कि वे बाल श्रम के खिलाफ विश्व यात्रा का आयोजन करेंगे। हर उस देश में जाएंगे, जहां बाल श्रम की समस्या है। वहां के लोगों को अपनी भावी पीढ़ी को बचाने की अपील करेंगे। उनसे अपनी सरकारों पर बाल श्रम के खिलाफ कानून बनवाने के लिए निवेदन करेंगे। उस देश के राष्ट्राध्यक्ष से मिलेंगे, वहां के प्रभावी नेताओं और नीति नियंताओं से मिलेंगे। उनसे भी गुजारिश करेंगे कि वे अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) पर दबाव बना कर बाल श्रम के खिलाफ एक कनवेंशन (संधि पत्र) पारित कराएं।

श्री कैलाश सत्यार्थी के अथक प्रयास से आखिरकार 17 जनवरी 1998 को फिलीपीन्स की राजधानी मनीला से बाल श्रम के खिलाफ एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर "ग्लोबल मार्च अंगेस्ट चाइल्ड लेबर" यानी बाल श्रम विरोधी विश्व यात्रा का आगाज हो गया। यह एक ऐतिहासिक और अनोखी विश्व यात्रा थी। बाल श्रम के मुद्दे पर इतनी लंबी और इतनी विशाल व प्रभावकारी जन-जागरुकता यात्रा आज तक नहीं आयोजित की गई। तब यह यात्रा 103 देशों से गुजरते हुए और 80 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय पर 6 जून 1998 को समाप्त हुई थी। तकरीबन पांच महीने तक चली इस विश्वव्यापी यात्रा में करीब डेढ़ करोड़ लोगों ने सड़क पर उतर कर मार्च किया था। 100 से ज्यादा वैश्विक नेताओं, राष्ट्राध्यक्षों, प्रधानमंत्रियों और राजा-रानियों ने इसमें हिस्सा लिया। इस यात्रा को दुनियाभर में मिले अपार जनसमर्थन से संयुक्त राष्ट्र संघ और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन पर कानून बनाने के लिए जबरदस्त दबाव पड़ा।

6 जून 1998 को जब श्री कैलाश सत्यार्थी के नेतृत्व में बाल श्रम विरोधी विश्व यात्रा जिनेवा पहुंची तो उस दिन यहां स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) भवन "पैले दा नेशियान" के मुख्य सभागार में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) का महत्वपूर्ण सालाना अधिवेशन चल रहा था। जिसमें 150 देशों के श्रम मंत्री, दुनिया की विभिन्न सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि सहित करीब 2000 लोग मौजूद थे। उस दिन सभागार में चर्चा चल रही थी, लेकिन बाहर जबरदस्त हलचल थी। यूएनओ के कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड भौचक्के हो कर वह सब देख रहे थे, जिनकी उन्होंने कल्पना तक नहीं की थी। मुख्य द्वार पर आईएलओ के तत्कालीन महानिदेशक श्री हेनसन अपने कुछ वरिष्ठ सहयोगियों के साथ आगवानी के लिए किसी का इंतजार कर रहे थे। आईएलओ के महानिदेशक अगर किसी की आगवानी के लिए दरवाजे के बाहर खड़े हैं तो जाहिर है वह कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति ही होगा। लेकिन ऐसा नहीं था। ये कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति नहीं, बल्कि कभी बाल मजदूर रहे साधारण बच्चे, सामाजिक कार्यकर्ता और बाल अधिकार कार्यकर्ता श्री कैलाश सत्यार्थी सहित 600 लोग थे।

आईएलओ के इतिहास में भी यह पहला मौका था जब बाल दासता, बाल मजदूरी और बाल वेश्यावृत्ति और ट्रैफिकिंग के शिकार बच्चों के लिए दरवाजे खोल दिए गए थे। सभागार में घुसते ही दुनिया की नीतियों को प्रभावित करने वाले 2000 लोगों ने खड़े होकर बच्चों और सत्यार्थी जी का तालियों से जोरदार स्वागत किया। आईएलओ ने अपनी परंपरा और नियमों को तोड़ कर पहली बार दो बच्चों और श्री कैलाश सत्यार्थी को आईएलओ के सालाना अधिवेशन को संबोधित करने का मौका दिया। इस मौके पर श्री कैलाश सत्यार्थी ने अपनी मांगे रखीं। जिसमें मुख्य रूप से बाल श्रम के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय कानून बनाने के साथ-साथ साल में एक दिन उन बच्चों को समर्पित करने की मांग की जो बाल दासता, गुलामी और बाल मजदूरी के शिकार हैं। इस दिन उनके अधिकारों और भविष्य पर चर्चा हो।

इस यात्रा के करीब एक साल बाद 17 जून 1999 को आईएलओ ने बाल श्रम और बाल दासता के खिलाफ सर्वसम्मति से कनवेंशन-182 पारित किया। आईएलओ कनवेंशन-182 बाल दासता और बंधुआ बाल मजदूरी पर पूरी तरह से रोक लगाते हुए बच्चों के बाल सैनिक बनाने और पोर्नोग्राफी आदि में शोषण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाती है। इस अंतरराष्ट्रीय संधि पर भारत सहित दुनिया के ज्यादातर देश हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र संघ ने सत्यार्थी जी की दूसरी मांग भी मान ली और 12 जून को अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा कर दी।

श्री सत्यार्थी के प्रयासों का प्रतिफल आज सबके सामने है। 1998 में जहां दुनिया में करीब 25 करोड़ बाल मजदूर थे, वहीं दो दशक में घट कर अब करीब 15 करोड़ रह गए हैं। बाल श्रम विरोधी विश्व यात्रा के बाद दुनिया की सरकारें जागीं और अनेक देशों में बाल श्रम के खिलाफ मजबूत कानून बने। भारत भी उनमें से एक है। सत्यार्थी जी ने बाल श्रम के खिलाफ अंतरऱाष्ट्रीय कानून बनवा कर यह साबित कर दिया कि दुनिया में कोई भी काम अंसभव नहीं है।

Next Story