
Weather Update: उत्तर भारत में गिरेगा पारा. बढ़ेगी ठंड,आइए जानते हैं पूरे देश में कैसी रहेंगी मौसम की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. इसके अलावा दिल्ली में आज कोहरा भी रहेगा. अगर प्रदूषण की बात करें तो दिल्ली की हवा फिर से बिगड़ने लगी है. ज्यादातर इलाकों का AQI बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है।
इन राज्यों में रहेगी शीतलहर
कई राज्यों में ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरा और शीतलहर का कहर भी शुरू हो गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज पंजाब के कुछ इलाकों, उत्तरी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर चल सकती है।
तमिलनाडु में होगी बारिश
स्काईमेट के अनुसार तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं और धीरे-धीरे तेज हो सकती है. शेष देश में मौसम शुष्क रहेगा।
जानिए यूपी में मौसम का हाल
दिसंबर में बदले मौसम का असर पश्चिम यूपी के जिलों में भी पड़ा है। पश्चिम यूपी में भी शनिवार को तापमान बढ़ गया। शनिवार को तापमान बढ़ने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि वातावरण में गलन अभी जारी है। आज रविवार को पश्चिम यूपी के अधिकांश जिलों में सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। मौसम पूरी तरह से साफ है और दिन के तापमान में वृद्धि के आसार है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो आज रविवार को मौसम विभाग ने तापमान में वृद्धि की आशंका जताई है। जिसके चलते गोरखपुर में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहेगा तो प्रयागराज में अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच सकता है। कानपुर में आज रविवार 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर में बढ़ी ठंड
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन पर असर दिखना शुरू हो गया है। खास तौर पर शाम ढलते ही सन्नाटा परसता दिख रहा है। राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। पूरी दुनिया में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
Satyapal Singh Kaushik
न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।