राष्ट्रीय

राहुल गांधी ने रायबरेली को ही क्यों चुना, समझिए- क्या हैं वो 5 कारण!

Special Coverage News
18 Jun 2024 11:35 AM IST
राहुल गांधी ने रायबरेली को ही क्यों चुना, समझिए- क्या हैं वो 5 कारण!
x
राहुल गांधी के वायनाड छोड़कर रायबरेली को चुनने का सबसे बड़ा कारण परिवार की विरासत ही है।

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन के बाद सबकी नजर इस पर थी कि राहुल गांधी किस सीट से लोकसभा में जाएंगे. राहुल इस बार उत्तर प्रदेश की रायबरेली और केरल की वायनाड संसदीय सीट से चुनाव जीते थे. ऐसे में उन्हें एक सीट छोड़नी थी. राहुल ने वायनाड सीट से इस्तीफा देते हुए रायबरेली सीट से अपनी सांसदी बनाए रखी. वायनाड से इस्तीफा देने के साथ ही कांग्रेस ने यह भी ऐलान कर दिया कि वायनाड सीट पर होने वाले उपचुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा उम्मीदवार होंगी. प्रियंका अगर वायनाड से चुनाव जीतती हैं तो संसद में गांधी-नेहरू परिवार एक नया कीर्तिमान रच देगा.

यहां एक सवाल उठता है कि जिस वायनाड सीट के लिए राहुल गांधी पार्टी के फैसले के खिलाफ जाने को तैयार थे, परिवार की विरासत(रायबरेली) संभालने से पीछे हट रहे थे, यहां तक कह दिया था कि कुछ भी हो जाए वायनाड को नहीं छोडूंगा, उसी वायनाड को उन्होंने अंतिम समय में क्यों छोड़ दिया? यहां हम उन 5 कारणों को जानेंगे जिसके लिए राहुल गांधी वायनाड छोड़कर रायबरेली चुनने के लिए मजबूर हो गए, आइए समझते हैं...

अब रायबरेली चुनने के पांच कारणों पर आते हैं...

1. परिवार की विरासत

राहुल गांधी के वायनाड छोड़कर रायबरेली को चुनने का सबसे बड़ा कारण परिवार की विरासत ही है। दरअसल, रायबरेली गांधी परिवार की पारंपरिक सीट रही है। यहां से सोनिया गांधी लंबे समय तक सांसद रहीं। हालांकि, 2024 में सोनिया गांधी ने लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया और राज्यसभा पहुंच गईं, जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि राहुल गांधी या प्रियंका गांधी में से कोई एक इस विरासत को आगे बढ़ा सकता है। लोकसभा चुनाव के दौरान सोनिया गांधी ने भावुक अपील करते हुए कहा था कि रायबरेली को मैं अपना बेटा सौंप रही हूं। तभी से यह स्पष्ट हो गया था कि राहुल गांधी अब परिवार की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

2. उत्तर भारत में कांग्रेस होगी आक्रामक

2014 के बाद से कांग्रेस लगातार उत्तर भारत में अपनी जमीन खोती चली जा रही है। यहां तक कि अमेठी जैसी सेफ सीट भी उसके हाथ से चली गई थी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस को फिर से उम्मीद दी है। कांग्रेस इस मौके को हाथ से जाने देना नहीं चाहती है। यही कारण है कि रायबरेली से सांसद रहते हुए उत्तर भारत की कमान अब राहुल गांधी खुद संभालेंगे और अब भाजपा के खिलाफ आक्रामक नीति अपनाएंगे।

3. उत्तर प्रदेश में सियासी अस्तित्व तलाशने उम्मीद

2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यूपी में एक मात्र रायबरेली लोकसभा सीट पर जीत हासिल हुई थी। पार्टी को यह समझ आ चुका था कि वह अपने दम पर यूपी में खो चुकी जमीन को वापस हासिल नहीं कर सकती है, इसलिए 2024 में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी का सहारा लिया और छह सीटों पर जीत हासिल की। अब कांग्रेस को उम्मीद है कि वह यहां से उत्तर प्रदेश की खोई हुई जमीन को वापस हासिल कर सकती है और दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण वोट बैंक का फायदा उठा सकती है, जिस कारण राहुल गांधी ने रायबरेली को चुनने का फैसला किया है।

4. सत्ता के लिए यूपी जरूरी

देश की राजनीति में एक कहावत है कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही होकर गुजरता है। ऐसे में कांग्रेस खासतौर पर उत्तर प्रदेश को ही टारगेट करना चाहती है, क्योंकि भाजपा को सत्ता दिलाने में इस प्रदेश का बड़ा योगदान रहा है और अगर इस बार भाजपा कमजोर हुई है तो उसका कारण भी उत्तर प्रदेश ही है। ऐसे में कांग्रेस को यह समझ आ चुका है कि जब तक वह उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन नहीं करती है तब तक वह दिल्ली से दूर ही रहेगी।

5. वायनाड से प्रियंका साध लेंगी दक्षिण

राहुल गांधी के वायनाड छोड़ने का बड़ा कारण यह भी था कि उनके लिए यह फैसला थोड़ा आसान था। दरअसल, वायनाड की जनता ठगा हुआ महसूस न करे, इसके लिए उनके पास प्रियंका गांधी जैसा विकल्प मौजूद था। प्रियंका गांधी के जरिए राहुल वायनाड की जनता को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि भले ही वह वायनाड से सांसद नहीं होंगे, लेकिन गांधी परिवार उनके साथ बना रहेगा। दूसरी रणनीति यह है कि प्रियंका गांधी अब उत्तर छोड़ दक्षिण की राजनीति में एक्टिव होंगी।

Next Story