राष्ट्रीय

गर्मियों की शुरुआत के साथ मध्य प्रदेश का इन जिलों में तापमान 40 के पार, जानिए यहाँ कोरोना की स्तिथी

Shiv Kumar Mishra
12 April 2020 10:33 AM GMT
गर्मियों की शुरुआत के साथ मध्य प्रदेश का इन जिलों में तापमान 40 के पार, जानिए यहाँ कोरोना की स्तिथी
x

ऐसा दावा किया जाता रहा है कि बढ़ते तापमान के साथ कोरोना का कहर कम हो जाएगा। हालांकि इसके कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं। कोरोना से बेहाल मध्यप्रदेश के हम उन जिलों का आपको हाल बताने जा रहे हैं, जहां तापमान में 40 डिग्री के पार है। राजधानी भोपाल में भी दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब ही रह रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में सार्वधिक तापमान दर्ज किया गया है। यहां 42 डिग्री सेल्सियस टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया है। अगर खंडवा में कोरोना की स्थिति की बात करें तो यहां तो कोरोना के 6 पॉजिटिव केस हैं। सभी की हालत स्थिर पर बनी हुई है।

ग्वालियर चंबल संभाग मध्यप्रदेश का सबसे गरम इलाका है। इसी संभाग में आने वाले दतिया में शनिवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार तक यहां कोरोना पॉजिटिव एक भी केस नहीं था। गुना में भी तापमान में 40.6 डिग्री सेल्सियस है। गुना में भी अभी तक कोरोना के मरीज नहीं मिले हैं। ग्वालियर में तापमान शनिवार को 40 डिग्री था। यहां विदेशी सैलानी भी खूब आते हैं। शनिवार तक ग्वालियर में कोरोना पॉजिटिव 6 लोग थे, जिनमें से 2 स्वस्थ्य होकर घर लौट गए हैं।

खरगोन में शनिवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था। यहां कोरोना के 14 मरीज हैं, जिनमें 2 लोगों की मौत हो गई है। इंदौर संभाग में आने वाले रतलाम में तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस है, यहां शनिवार को कोरोना का पहला केस मिला है। जिले में अभी तक कोरोना का 2 ही मरीज है। शाजापुर में शनिवार को तापमान में 40.4 डिग्री सेल्सियस था, यहां कोरोना पॉजिटिव 1 केस है। उज्जैन में शनिवार को तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस था, यहां कोरोना 18 मरीज हैं, जिनमें 5 की मौत हो गई है और 3 लोग स्वस्थ्य होकर घर लौट गए हैं।

दमोह जिले में भी शनिवार को तापमान में 40 डिग्री सेल्सियस था। दमोह में भी कोरोना का मामला अभी तक नहीं सामने आया है। पर्यटन स्थल खजुराहो में भी तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस है। यहां विदेशी पर्यटक भी हर साल हजारों की संख्या में आते हैं। यह छतरपुर जिले में आता है। कोरोना का एक भी केस यहां नहीं है।

इंदौर में आज 12 कोरोना के मरीज स्वस्थ होकर खुशी-खुशी घर लौटे गए। खास बात ये है कि इनमें उस टाटपट्टी बाखल इलाके की एक लड़की भी शामिल थी, जहां स्वास्थ्यकर्मियों पर पथराव की घटना हुई थी। अरविंदो अस्पताल में चले इलाज के बाद सभी को आज डिस्चार्ज दे दिया गया। सभी मरीजों ने डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ को शुक्रिया कहा।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में अगर औसत तापमान की बात करें तो सभी जिलों में दिन का तापमान अब 34 डिग्री सेल्सियस के पार ही हैं। हालांकि कोरोना का कहर सबसे ज्यादा इंदौर और भोपाल में ही हैं। इंदौर में कोरोना मरीजों की संख्या अब 300 पार पहुंचने वाली है। यहां मौतें भी ज्यादा हो रही हैं।

प्रदेश में कुल 42 मौत

मध्यप्रदेश में कोरोना से अब तक पूरे प्रदेश में 42 लोगों की मौत हुई है। अकेले इंदौर में अब तक 32 लोगों की मौत हुई है। शनिवार के दिन सुबह में भी 2 मौत हुई है। मध्यप्रदेश में मरीजों की संख्या 555 पहुंच गई है। अब कोरोना की पैठ 23 जिलों में हो गई है। हालांकि कुछ जिले शुरुआती मामले सामने आने के बाद संक्रमण को रोकने में कामयाब हुए हैं।

Next Story