राष्ट्रीय

तो अब अजय माकन के बाद कौन संभालेगा दिल्ली कांग्रेस की कमान?

Vikas Kumar
27 April 2017 8:45 AM GMT
तो अब अजय माकन के बाद कौन संभालेगा दिल्ली कांग्रेस की कमान?
x
नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के बुधवार को आए नतीजों में बीजेपी ने प्रचंड जीत दर्ज की। बीजेपी ने लगातार तीसरी बार MCD में अपना कब्जा बरकरार रखा। वहीं दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। एमसीडी चुनाव में AAP (46) दूसरे स्थान पर और कांग्रेस (30) तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं अब सबसे बड़ा सवाल ये है की अजय माकन के बाद MCD में कौन संभालेगा कांग्रेस की कमान? एमसीडी चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होने कहा 'वह एक साल तक पार्टी के अंदर कोई भी पद नहीं लेंगे और एक आम कार्यकर्ता की तरह पार्टी के लिए काम करेंगे।' अब पार्टी को दिल्ली में मजबूती के साथ खड़ा करना भी एक बड़ी चुनौती होगी।

सबसे पहले अब देखना होगा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले अजय माकन का इस्तीफा पार्टी हाईकमान स्वीकार करता है या नहीं। फिलहाल दिल्ली एमसीडी चुनाव में वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर अजय माकन की तमाम कोशिश पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अजय माकन का दिल्ली कांग्रेस को अपने हिसाब से चलाने का मंसूबा धराशायी हो गया।


कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का मानना है कि अगर पार्टी में अंदरूनी कलह नहीं होती तो पार्टी को इस तरह से शर्मनाक पराजय का सामना नहीं करना पड़ता। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा- 'कोई भी चुनौती हो तो सबको साथ लेकर चलना पड़ता है, मेरे हिसाब से यहां थोड़ी चूक हो गई। जिन लोगों ने दिल्ली की तस्वीर को बदला उनको तो साथ लेकर चलना चाहिए था।'

आपको बता दें कि साल 2015 में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली को हटाकर पार्टी हाईकमान ने राहुल गांधी के करीबी होने के चलते अजय माकन को दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपी थी।
Next Story