
Archived
अनिल कुंबले ही बने रहेगें टीम इंडिया के कोच, जल्द होगा फैसला
Arun Mishra
9 Jun 2017 1:30 PM IST

x
अंतिम फैसला प्रशासकों की समिति से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही लिया जाएगा..?
नई दिल्ली : लंदन में बीसीसीआई की क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) की गुरुवार को मीटिंग हुई। सूत्रों के मुताबिक सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण के नेतृत्व वाली बीसीसीआई एडवाइजरी कमेटी ने अनिल कुंबले के नाम पर ही मुहर लगाने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही ये अनुशंसा बीसीसीआई को भी भेज दी जाएगी और सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित प्रशासक समिति की अंतिम मुहर लगने के बाद अनिल कुंबले का ही फिर से कोच बनने का रास्ता साफ हो जाएगा।
वहीं, इससे पहले, कार्यवाहक अध्यक्ष सी के खन्ना ने गुरुवार को सचिव अमिताभ चौधरी को पत्र लिखकर नए कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया वेस्ट इंडीज दौरे के अंत तक टालने के लिये कहा है। इस पर अंतिम फैसला प्रशासकों की समिति से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही लिया जाएगा।
खन्ना ने कहा ,'मैंने सचिव को पत्र लिखकर उनसे प्रक्रिया 26 जून तक टालने के लिये कहा है जब बीसीसीआई की एसजीएम बुलाई जाएगी। भारत टूर्नमेंट खेल रहा है और ऐसे में प्रक्रिया जारी रखना सही नहीं है।' आईपीएल अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी कहा कि आनन-फानन में नए कोच की नियुक्ति सही नहीं है। उन्होंने कहा , 'कार्यवाहक अध्यक्ष ने सीनियर सदस्यों से बात की और हम सभी का मानना है कि मामला 26 जून को मुंबई में होने वाली एसजीएम में रखा जाएगा। तब तक प्रक्रिया रोक दी जाए। अधिकांश सदस्यों का यही मानना है।'
बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष सी के खन्ना ने कहा ,अनिल कुंबले को बरकरार रखा जाये या किसी और को नियुक्त किया जाए। कोच का कार्यकाल 2019 विश्व कप तक का होगा।
Next Story




