
Archived
महिला विश्व कप: टीम इंडिया का न्यूजीलैंड से मुकाबला, जीते तो सेमीफाइनल और हारे तो बाहर
Special Coverage News
15 July 2017 12:27 PM IST

x
लगातार दो मैचों में हार के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है।
डर्बी: लगातार दो मैचों में हार के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। टीम इंडिया को अपना अगला और अंतिम लीग मैच आज न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है।यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा। इसमें जीतने वाली टीम को सेमीफाइनल में जगह मिलेगी जबकि हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा।
बता दे कि टीम इंडिया को पिछले दो मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का विश्व कप में रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए 11 मुकाबले में भारतीय टीम ने अभी तक सिर्फ एक मैच जीता है।
इस विश्व कप में भारत की बड़ी ताकत बल्लेबाजी है, लेकिन उसी ने उसे पिछले दो मैचों में डुबोया है। स्कोरबोर्ड पर बड़ा स्कोर अंकित न होने पर गेंदबाज भी असहज दिखाई दिए हैं। अच्छी फ्लाइट पर विकेट के पीछे स्टम्पिंग भारत की ताकत रही है। डर्बी का मैदान भारतीयों के लिए घरेलू ग्राउंड की तरह साबित हुआ है, जहां भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले जीते हैं।
वही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6000 रन पूरी करने वाली पहली खिलाड़ी बनने के बाद भारतीय कप्तान मिताली राज जल्द ही अर्धशतकों का अर्धशतक पूरा करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन सकती हैं जिसके लिए उन्हें केवल एक अर्धशतक की दरकार है। यही नहीं वह ICC महिला विश्व कप में 1000 रन पूरा करने वाली 5वीं बल्लेबाज बनने से केवल 23 रन दूर हैं।
Next Story




