
Archived
कांग्रेस छोड़ अजीत जोगी बनाएंगे नई पार्टी, कहा भैंस के आगे बीन बजाने से फायदा नहीं
Special Coverage news
2 Jun 2016 2:45 PM IST

x
रायपुर: पूर्व सीएम और कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक अजीत जोगी छत्तीसगढ़ में जल्द ही नई पार्टी का एलान कर सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस से बाहर निकल कर तीसरी शक्ति खड़ी करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। जोगी ने कहा कि कांग्रेस अब नेहरू, इंदिरा, राजीव और सोनिया गांधी वाली कांग्रेस नहीं रही। संगठन में अब भैंस के आगे बीन बजाने से कोई फायदा नहीं है, न ही दिल्ली जाने की जरूरत है।
नई पार्टी के लिए नींव तैयार करने पिछले कई दिनों से अमित जोगी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। ग्राम आवाज के नाम पर वे गांव-गांव घूम रहे हैं। बुधवार दोपहर वे बिलासपुर और रायगढ़ क्षेत्र के दौरे पर निकल गए। उनका एक ही मकसद है। नई पार्टी के गठन के पहले राज्य में जोगी सबकी जुबान पर रहें।
इस वर्ष की शुरुआत में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनके विधायक पुत्र अमित जोगी को अंतागढ़ टेपकांड मामले में दोषी मानकर पार्टी की सदस्ता से निष्कासित कर दिया था। वहीं अजीत जोगी को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित करने की अनुशंसा की गई थी।
यह मामला कांग्रेस की राष्ट्रीय अनुशासन समिति के समक्ष विचाराधीन है। अब तक फैसला न होने के कारण अजीत जोगी खिन्न हैं। आला कमान से किसी प्रकार का सहयोग न मिलने के कारण खुद को उपेक्षित मान रहे हैं।
अजीत जोगी के पुत्र कांग्रेस से निष्कासित विधायक हैं, उनकी पत्नी डॉ. रेणू जोगी भी कांग्रेस की विधायक हैं। खुद अजीत जोगी कांग्रेस की राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति विंग के अध्यक्ष हैं। फिलहाल कांग्रेस के कम से कम 10 विधायक उनके समर्थक माने जाते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और कांग्रेस में उपेक्षित अन्य नेता भी उनके साथ हो सकते हैं।
Next Story