Archived

यूपी के बाद अब बिहार में भी अवैध बूचड़खानों पर लगेगी लगाम, जल्द ही शुरू होगी कार्रवाई

Special Coverage News
6 Aug 2017 12:30 PM IST
यूपी के बाद अब बिहार में भी अवैध बूचड़खानों पर लगेगी लगाम, जल्द ही शुरू होगी कार्रवाई
x

पटना : उत्तरप्रदेश की तरह अब बिहार सरकार भी अवैध बूचड़खानों पर लगाम लगाने की तैयारी कर रही है। जल्द ही बिहार में अवैध बूचड़खानों पर लगाम लगाने की कार्रवाई शुरू हो सकती है।

बिहार के पशु और मत्स्य पालन मंत्री पशुपति कुमार पारस ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में करीब 140 अवैध बूचड़खानों को बंद करने के संकेत दिए है। उन्होंने कहा, 'मैंने डिपार्टमेंट के सचिव से राज्य के सभी बूचड़खानों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। इनमें लाइसेंस वाले और अवैध बूचड़खानों को शामिल किया जाएगा।'

उन्होंने रिपोर्ट और नियमों के आधार पर सभी अवैध बूचड़खाने बंद करने की बात कही। मंत्री पशुपति कुमार पारस की बातों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में करीब 140 बूचड़खानों पर जल्द ही ताला लटक सकता है।

गौरतलब है कि बिहार में सिर्फ 2 ही ऐसे बूचड़खाने हैं जो वैध रूप से कानून के मुताबिक चल रहे हैं। यह दोनों अररिया के फोर्बिसगंज इलाके में हैं और इनको राज्य सरकार की ओर से लाइसेंस दिया गया है। बांकी सब बूचड़खाने अवैध रूप से चल रहे है। साथ-साथ विभाग के अधिकारियों ने भी दावा किया है कि सिर्फ दो ही बूचड़खानों के पास लाइसेंस है।

मीडिया में आई रिपोर्ट के मुताबिक बिहार में अवैध बूचड़खानों की सबसे ज्यादा संख्या सीमांचल इलाके में है, जिसमें कासगंज और पुरनिया भी आते हैं। वहीं पटना जिले में भी करीब दो दर्जन से ज्यादा अवैध बूचड़खाने चल रहे हैं। बूचड़खानों के लिए लाइसेंस स्थानीय नगर निगम जारी करती है।

Next Story