Archived

लालू ने नीतीश पर किया बड़ा खुलासा, सब पहले से था सेट, SC जाएगी RJD

Special Coverage News
27 July 2017 1:17 PM IST
लालू ने नीतीश पर किया बड़ा खुलासा, सब पहले से था सेट, SC जाएगी RJD
x

पटना : बिहार में छठी बार नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और सुशील मोदी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ले ली है। इसके बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पलटवार किया है।

लालू यादव ने कहा महात्मा गांधी ने देश को एकजुट किया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों ने उनकी हत्या कर दी। बिहार राजनीतिक रूप से बहुत जागरूक स्टेट है। नीतीश के फैसले से गांव-गांव के लोग नाराज हैं। मोतीहारी से महात्मा गांधी ने सारे देश को संदेश दिया था लेकिन आज अफसोस है कि हमारे बीच गांधी नहीं है।

उन्होंने नीतीश पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार पर मर्डर का केस है। 16 नवंबर 1991 को सीताराम सिंह की हत्या हुई थी। मेरे छोटे भाई इस मामले में मुदालय हैं। लालू ने कहा कि नीतीश ने सीताराम सिंह की हत्या की। लालू ने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी कभी विधानसभा का चुनाव नहीं लड़े। अगर लड़ते भाव पता चल जाता।

उन्होंने कहा बिहार की जनता ने तो बीजेपी को खाली हाथ भेजा था। पिछड़ों, मुसलमानों और गरीबों ने हमारा साथ दिया था। हम शंकर भगवान की तरह बोले कि जाओ और राज करो पर नीतीश तो भस्मासुर निकला। जिधर सत्ता दिखती है नीतीश वहीं चले जाते हैं। वह बड़े अवसरवादी नेता हैं। हमें बीजेपी और आरएसएस के खिलाफ बड़ा जनादेश मिला था।

उन्होंने नीतीश पर तंज कसते हुए कहा विधानसभा में नीतीश ने भी कहा था कि मिट्टी में मिल जाएंगे, लेकिन बीजेपी से हाथ नहीं मिलाएंगे। मेरे मन में खोट या लालच होता तो मैं नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाता। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा की हमारे खिलाफ नीतीश के कहने पर केस दर्ज हुआ। सुशील मोदी को कहा गया कि आप रोज प्रेस कान्फ्रेंस करो। नीतीश कुमार अमित शाह से मिल चुके थे। सब पहले से सेट था।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को पहले हमें बुलाना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विधायकों को रात भर कमरे में बंद करके रखा गया। हम इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

लालू यादव ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों को झांसा दिया। अमित शाह ने कहा कि 15-15 लाख रुपये देने का वादा जुमला था। बीजेपी ने 15-15 लाख देने का ढोंग रचा था, मोदी ने देश की जनता से किया वादा नहीं निभाया।

इससे पहले शपथग्रहण के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि मैंने बिहार के हित में फैसला लिया है। मेरी जवाबदेही बिहार के प्रति है। वक्त आने पर मैं सबको जवाब दूंगा। वहीं नीतीश कुमार और सुशील मोदी के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट करके दोनों को बधाई दी।

Next Story