
Archived
इतिहासकार बोले, नीतीश कुमार होंगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष! जानिए क्यों?
Special Coverage News
13 July 2017 9:43 AM IST

x
नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी को रोकने के लिए आवश्यक कदम
नई दिल्ली: जाने-माने इतिहासकार रामचंद्र गुहा का मानना है कि कांग्रेस को मौजूदा संकट से उबारने का एकमात्र रास्ता इसके नेतृत्व में परिवर्तन है। इस सिलसिले में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी अध्यक्ष बनाने का सुझाव दिया है। मंगलवार को एक कार्यक्रम में गुहा ने कहा कि यह उनकी कल्पना है। लेकिन, यदि ऐसा होता है, तो यह स्वर्ग में बनी जोड़ी जैसी होगी।
अपनी पुस्तक 'गांधी के बाद भारत' के 10 साल पूरे होने पर विशेष संस्करण के विमोचन समारोह में उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय नेतृत्व विहीन पार्टी है। दूसरी तरफ, नीतीश कुमार बिना पार्टी के नेता हैं।
जदयू अध्यक्ष को स्वाभाविक नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि मोदी की तरह उन पर कोई पारिवारिक बोझ नहीं है। लेकिन, मोदी के विपरीत वे अहंकारी नहीं हैं। वे सांप्रदायिक नहीं हैं। और उनका महिला अधिकारों पर विशेष ध्यान भारतीय राजनेताओं में अपवाद गुण की तरह है।
गुहा ने कहा कि मेरे विचार से नीतीश में कई ऐसी चीजें हैं, जो लोगों को प्रभावित करती हैं। हालांकि, यदि उनको कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया जाता है, तो सोनिया गांधी के लिए राजनीति में कोई जगह नहीं होगी। यदि कांग्रेस में बड़ा फेरबदल नहीं किया गया, तो बहुत ज्यादा समय तक यह राजनीति की बड़ी खिलाड़ी नहीं रह पाएगी। ज्यादा-से-ज्यादा लोकसभा में इसकी सीटों की संख्या 44 से बढ़कर एक सौ तक पहुंच सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पतन इसलिए भी चिंताजनक है, क्योंकि एक दलीय व्यवस्था लोकतंत्र के लिए हानिकारक है। इस एक दलीय व्यवस्था ने जवाहरलाल नेहरू जैसे महान लोकतांत्रिक नेता को भी अहंकारी बना दिया। इंदिरा गांधी जैसी अधिनायकवादी को और ज्यादा अधिनायकवादी बना दिया। ऐसे में सवाल उठता है कि यह नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी को कहां तक पहुंचा देगी? यही कारण है कि मैंने इस बारे में सोचना शुरू किया है।
Next Story