
Archived
सादा कपड़ों में निकले एसपी ने पहले खरीदी गांजे की पुड़िया, फिर अरेस्ट कर लिया
Special Coverage News
5 July 2017 11:25 AM IST

x
पुलिस अधीक्षक निशांत कुमार तिवारी ने स्वयं मोरचा संभाला और सादे कपड़ों में खुद सड़क पर गांजा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करने निकल पड़े।
पूर्णिया : बिहार में जहां एक तरफ शराबबंदी लागू है तो लोग नशे की लत को पूरा करने के लिए अन्य नशीली चीजों का सेवन कर रहे हैं। जिससे, बिहार में गांजे की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। गांजे की अवैध बिक्री के खिलाफ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक निशांत कुमार तिवारी ने स्वयं मोरचा संभाला और सादे कपड़ों में खुद सड़क पर गांजा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करने निकल पड़े।
एसपी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहर में चोरी छिपे गांजा की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर सिविल ड्रेस में अपने एक सिपाही को लेकर निशांत तिवारी शहर के बस स्टैंड पहुंच गए। वहां सबसे पहले उन्होंने ट्राइसाइकिल पर बैठकर गांजा बेच रहे एक दिव्यांग व्यक्ति से गांजा खरीदा। बदले में उसे पैसे भी दिये। इसके बाद तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।
अवैध धंधे में लिप्त लोगों को धर दबोचने का सिलसिला यहीं नहीं थमा। एसपी साहब आगे बढ़े और फिर एक दुकान पर पहुंच गए जहां गांजा बेचने की गुप्त सूचना थी। वहां भी एसपी निशांत तिवारी ने गांजे की पुड़िया खरीदी। तभी सदर एसडीपीओ वहां पहुंचे. यह देखकर दुकानदार भागने लगा। एसपी और एसडीपीओ ने खदेड़कर गांजा तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।
एसपी निशांत तिवारी ने कहा कि गुप्त सूचना पर मंगलवार को 3 जगहों पर छापेमारी की गयी। इस कार्रवाई में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
डीएम प्रदीप कुमार झा ने भी एसपी के इस कार्रवाई की प्रशंसा की। जिला प्रशासन नशाबंदी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। इसी सिलसिले में पूर्णिया पुलिस को महत्वपूर्ण उपलब्धियां हाथ लगी है। उन्होंने लोगों से भी ऐसे धंधेबाजों को पकड़वाने में मदद करने की भी अपील की।
आपको बता दें कि बिहार में पूर्ण नशाबंदी है। इसके बावजूद चोरी छिपे शराब और मादक पदार्थों का अवैध धंधा धड़ल्ले से जारी है। बहरहाल एसपी के इस कार्रवाई से धंधेबाजों के होश उड़े गए है।
Next Story




