
Archived
व्यापमं घोटाला सीबीआई ने 10 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
Special Coverage news
14 Jun 2016 1:15 PM IST

x
मध्यप्रदेश: बहुचर्चित व्यापमं महाघोटाले मामले में सीबीआई ने अपनी पहली चार्जशीट पेश कर दी है। चार्जशीट में कुल 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
सीबीआई ने पीएमटी 2009 परीक्षा फर्जीवाड़े में एक आरोपी के खिलाफ इंदौर कोर्ट में चार्जशीट पेश की, जबकि आरक्षक भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़ा 2012 मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भोपाल कोर्ट में पेश की गई। बताया जा रहा है कि इस चार्जशीट में शामिल सभी आरोपी स्टूडेंट, स्कोरर और दलाल हैं।
इन दोनों चार्जशीट के साथ ही अब व्यापमं घोटाले में चार्जशीट पेश होने का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही सीबीआई दूसरे मामलों में भी चार्जशीट पेश करेगी। गौरतलब है कि सीबीआई ने व्यापमं घोटाले में सौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज की है। सभी एफआईआर की जांच के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई है।
ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश में जिन सरकारी पदों की भर्ती लोक सेवा आयोग नहीं करता, उन पदों पर व्यापमं (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) द्वारा भर्तियां की जाती हैं। व्यापमं मेडिकल, इंजीनियरिंग समेत विभिन्न कोर्सेस की प्रवेश परीक्षा भी आयोजित कराता है। व्यापमं भर्ती व प्रवेश परीक्षा में फर्जीवाड़ा सामने आया। जुलाई 2013 में खुलासा होने के बाद जांच का जिम्मा अगस्त 2013 एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को सौंपा गया था।
अब मामला सीबीआई के पास है, जांच एजेंसी ने 13 जुलाई 2015 को भोपाल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। व्यापमं मामले में एसटीएफ की जांच शुरू होने से लेकर अब तक कथित तौर पर 48 संदिग्ध मौतें होने की बात सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट ने 9 जुलाई को व्यापमं की जांच सीबीआई को सौंपी थी।
Next Story




