Archived

हिजबुल मुजाहिद्दीन ने कमांडर जाकिर मूसा के हुर्रियत नेताओं के सिर काटने वाले बयान से झाड़ा पल्ला

Arun Mishra
13 May 2017 5:36 PM IST
हिजबुल मुजाहिद्दीन ने कमांडर जाकिर मूसा के हुर्रियत नेताओं के सिर काटने वाले बयान से झाड़ा पल्ला
x
श्रीनगर : आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन ने अपने कमांडर जाकिर मूसा के हुर्रियत नेतृत्व के खिलाफ बयान से खुद को अलग कर लिया, जिससे आतंकी संगठन में मतभेद का संकेत मिलता है। दरअसल, आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर जाकिर मूसा ने हुर्रियत नेताओं को चेताते हुए कहा था कि वे उनकी 'इस्लाम के लिए जंग' में हस्तक्षेप न करें, अन्यथा उनका 'सिर काटकर लाल चौक पर टांग देंगे'।

हिजबुल मुजाहिद्दीन के प्रवक्ता सलीम हाशमी ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद से एक बयान जारी कर कहा, 'संगठन का मूसा के बयान से कोई लेना-देना नहीं है और यह बयान स्वीकर नहीं किया जा सकता।'

राज्य के पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने कहा कि पुलिस ने ऑडियो की आवाज की जांच कराई और पाया कि ऑडियो में आवाज मूसा की ही है। ऑडियो क्लिप ऐसे समय सामने आई है जब हुर्रियत नेताओं ने घाटी में आईएसआईएस की विचारधारा के प्रभाव को हाल में कमतर करना चाहा है। इस सप्ताह के शुरू में सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारुक और यासीन मलिक जैसे हुर्रियत नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि कश्मीर संघर्ष का आईएसआईएस, अलकायदा तथा ऐसे अन्य संगठनों से कोई लेना-देना नहीं है।
Next Story