
Archived
जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, 2 आतंकी ढेर, एक जवान भी शहीद
Kamlesh Kapar
8 Jun 2017 10:51 AM IST

x
Attempt of infiltration failed in Jammu Kashmir
उरी: जम्मू-कश्मीर के उरी और नौगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने एक बार फिर से घुसपैठ की कोशिश कि है, जिसको सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। सेना ने नौगाम से घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। इस गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। वहीं, LOC से सटे उरी में 5-6 आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की, जिसका सुरक्षा बल मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। आतंकियों के साथ गोलीबारी में सेना के दो जवान जख्मी हो गए हैं।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आतंकियों के साथ गोलीबारी जारी है। इससे पहले मंगलवार रात जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा से सटे माछिल सेक्टर के पास सेना ने घुसपैठ की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए 4 आतंकियों को मार गिराया था। इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे। पाकिस्तानी सीमा से सटे उरी और नौगाम में बृहस्पतिवार सुबह आतंकियों की ओर से घुसपैठ की यह ताजा घटना है।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को LoC से सटे उरी में 5-6 आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की। फिलहाल सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। वहीं, बुधवार रात शोपियां में पत्थरबाजी के चलते सुरक्षा बलों का वाहन पलट गया, जिसमें 12 CRPF के जवान घायल हो गए। हालांकि इलाज के बाद सभी जवानों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मालूम हो कि हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की कोशिशें लगातार जारी हैं। सीमा पार से घुसपैठ की पाकिस्तान की कोशिशों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं।
Next Story




