Archived

पुलवामा कॉलेज में छात्रों ने लगाया आतंकी बुरहान का पोस्टर, ISIS का झंडा लहराया

Arun Mishra
1 May 2017 2:26 PM IST
पुलवामा कॉलेज में छात्रों ने लगाया आतंकी बुरहान का पोस्टर, ISIS का झंडा लहराया
x
सोमवार को कश्मीर के पुलवामा के एक कॉलेज में पिछले साल मुठभेड़ में मारे गए आतंकी बुरहान वानी के पोस्टर और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के झंडे फहराए गए। छात्रों ने पुलवामा डिग्री कॉलेज के प्रशासनिक ब्लॉक पर बुरहान वानी का पोस्टर लगाया। यही नहीं, पोस्टर लगाने के बाद छात्रों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई।

दो दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार को पुलवामा डिग्री कॉलेज फिर से खुला। छात्रों ने पहले कॉलेज के प्रशासनिक ब्लॉक पर हिजबुल कमांडर बुरहान वानी का पोस्टर लगाया और फिर पुलिस पर पत्थर फेंके। कुछ समय बाद छात्रों ने कॉलेज से बाहर आकर शहर में अन्य पत्थरबाजों के साथ पुलिस वाहनों पर पत्थरबाजी की। पत्थरबाजों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी। बुरहान के पोस्टर के अलावा पुलवामा डिग्री कॉलेज परिसर में पाकिस्तान और आईएसआईएस के झंडे भी फहराए गए।

दरअसल शनिवार को कश्मीर पुलिस ने कथित तौर पर श्रीनगर के गोजगी बाग इलाके में स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज में छात्रों और शिक्षकों पर बल का इस्तेमाल किया था। छात्रों ने कहा था कि सुरक्षाबलों ने उन पर हमला किया, जबकि वह बेकसूर कश्मीरियों के मारे जाने पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। सुरक्षाबलों की इसी कार्रवाई का विरोध करते हुए सोमवार को छात्रों ने वानी के पोस्टर दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।

आपको बता दें पिछले साल जुलाई में सेना और स्थानीय पुलिस के ज्वॉइंट ऑपरेशन में हिजबुल मुजाहिदीन के पोस्टर ब्वॉय और टॉप कमांडर बुरहान वानी मारा गया था। बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से ही घाटी में तनाव बढ़ गया है। बुरहान के सिर पर 10 लाख का इनाम था। वह दक्ष‍िण कश्मीर के त्राल का रहने वाला था।
Next Story