Archived

साइकिल के इतने टुकड़े कर दो कि सैफई परिवार 10 साल में ना जोड़ पाए - केशव मौर्य

Special Coverage News
25 Jun 2016 5:52 AM GMT
साइकिल के इतने टुकड़े कर दो कि सैफई परिवार 10 साल में ना जोड़ पाए - केशव मौर्य
x
कन्नौज
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को सपा, बसपा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने का नारा देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने लोकसभा के चुनाव में सपा को पनपने नहीं दिया था और बसपा खाता भी नहीं खुलने दिया। 2017 के विधान सभा चुनाव में उत्तर प्रदेश को सपा व बसपा से मुक्ति दिलाने का काम भाजपा कार्यकर्ता करेंगे। कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सपा की साइकिल के इतने टुकड़े कार्यकर्ता करें कि सैफई परिवार दस साल में भी उसको न जोड़ पाए।


प्रदेश सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री रामप्रकाश त्रिपाठी की 8वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि जिले की तीनों सीटें भाजपा को जिताकर कार्यकर्ता पूर्व सहकारिता मंत्री को सच्ची श्रद्धांजलि अॢपत करें। कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब जनता को प्रदेश की सपा सरकार नहीं मिलने दे रही है। सपा भू-माफिया और गुंडों को सरंक्षण दे रही है। सैफई परिवार ने भू-माफिया को जो संरक्षण दिया था, उसके चलते ही मथुरा में एसपी और थानाध्यक्ष की हत्या हुई थी। मुख्तार अंसारी की पार्टी का विलय करके सपा परिवार ने एक और ड्रामा रचा है। यदि मुख्यमंत्री वास्तव में इसके खिलाफ थे तो बलराम यादव से पहले उन्हें अपने चाचा को बर्खास्त करना चाहिए था। कहा कि सपा ने चुनाव में 24 घंटे बिजली देने का वायदा किया था, लेकिन जब वह कन्नौज में ही बिजली नहीं दे सके तो फिर प्रदेश में क्या देंगे। सपा सरकार जनता का पैसा विज्ञापन पर खर्च कर रही है लेकिन जनता इस बार साइकिल को पंचर करने का काम करेगी।


कन्नौज जा रहे केशव प्रसाद मौर्य का जिले में मोहान से बांगरमऊ के बीच कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने मिशन 2017 की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस मुक्त देश और सपा, बसपा मुक्त प्रदेश बनाना है। अभी से कार्यकर्ता इसके लिए जुट जाएं। प्रदेश की जनता भी अब यह समझ चुकी है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को बांगरमऊ में जाम से भी जूझना पड़ा।
Next Story