राष्ट्रीय

यूपी में 'इंदिरा इज बैक' पोस्टर में मां दुर्गा से प्रियंका की तुलना, बढ़ा विवाद

Special Coverage News
11 July 2016 12:53 PM IST
यूपी में इंदिरा इज बैक पोस्टर में मां दुर्गा से प्रियंका की तुलना, बढ़ा विवाद
x
इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश चुनाव 2017 में प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में कदम रखने के औपचारिक ऐलान से पहले ही इलाहाबाद के कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने प्रियंका को मां दुर्गा का अवतार और हिन्द की शेरनी बताते हुए 'इंदिरा इज बैक' पोस्टर के साथ शहर में कई जगहों पर पोस्टर लगाए हैं।

उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए प्रियंका गांधी के नाम को लेकर सियासत गर्माने लगी है। कांग्रेस में अभी भी जहां एक तरफ चेहरे की तलाश हो रही है तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के समर्थन में पोस्टर लगा दिये हैं जिसमें उनकी तुलना
इंदिरा गांधी
से की गयी है। इलाहाबाद में कई जगहों पर इंदिरा इज बैक के नाम से पोस्टर लगाये गये हैं।

इस पोस्टर में प्रियंका को देवी दुर्गा का अवतार और उन्हें हिन्दुस्तान की शेरनी बताया है। इलाहाबाद कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में प्रियंका के बारे में लिखा गया है की "वो इंदिरा, वो दुर्गा का, फिर नया आगाज़ है वो हिन्द की है शेरनी, हिन्दुस्तान की आवाज़ है" इसके बाद पोस्टर में नीचे अंग्रेजी में बड़े अक्षरों में लिखा है - '
Indira is Back
'।

इलाहाबाद में जगह-जगह लगाए गए इन पोस्टरों को लेकर विवाद बढ़ गया है, यह विवादित पोस्टर लगाने वाले हसीब अहमद और शिरीष दुबे का कहना है कि जिस तरह देवी दुर्गा ने तमाम राक्षसों का संहार किया था, उसी तरह प्रियंका गांधी भी राजनीति में सक्रिय होते ही कांग्रेस के दुश्मनों का दमन करेंगी।

दूसरी तरफ इस पोस्टर के विरोध में बीजेपी ने कड़ा एतराज जताया है, उन्होंने इसे देवी-देवताओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग की है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि इन पोस्टरों को फ़ौरन हटाए, इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, कांग्रेस को इस तरह के हथकंडों के बावजूद यूपी चुनाव में कोई फायदा नहीं होने वाला है।

वहीं इन पोस्टर में प्रियंका की तुलना दुर्गा से किये जाने पर संत समाज ने भी अपनी नाराजगी जतायी है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने कहा है कि 'कार्यकर्ता अपने नेताओं की तारीफ करते समय मर्यादा का खयाल रखे'।
Next Story