
Archived
मंदसौर: किसानों की मौत से गुस्साए लोगों ने कलेक्टर को खदेड़ा, फाड़े कपड़े
Kamlesh Kapar
7 Jun 2017 1:35 PM IST

x
people angry death of the farmers, threw the collector
मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में किसानों का आंदोलन उग्र रूप लेते जा रहा है। मंदसौर में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर स्वतंत्र सिंह के साथ धक्कामुक्की की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें और उनके साथ मौजूद अन्य अधिकारियों को वहां से खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारी कलेक्टर और एसपी के इतनी देर से पहुंचने को लेकर नाराज थे।
वहीं कलेक्टर ने बताया कि वहां गोलियां चलाने की इजाजत नहीं थी। मैंन उन्हें कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, मंगलवार को पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों की शवयात्रा तिरंगे में लपेटकर निकाली गई। इस घटना को लेकर राज्य की सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस ने जहां इसे लेकर राज्य की बीजेपी सरकार को घेरते हुए राज्य भर में बंद का आह्वान किया है।
वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इसे कांग्रेस की सुनियोजित साजिश करार दिया है। इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज पीड़ित परिवारों से मिलने मंदसौर जाने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने उनके हेलीकॉप्टर को लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद अब कांग्रेस नेता उनकी यात्रा के लिए किसी दूसरी व्यवस्था पर विचार कर रहे हैं। वहीं राहुल की इस यात्रा से पहले उनकी करीबी मानी जाने वाली मिनाक्षी नटराजन को पुलिस को हिरासत में ले लिया है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदसौर हिंसा फायरिंग में मारे गए पांच किसानों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है, वहीं गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा मृतक किसानों के परिवार में से एक सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी।
Next Story




