
Archived
मंदसौर: मृत किसानों के परिजनों से मिले शिवराज सिंह, 2 किसानों ने फिर की खुदकुशी
Kamlesh Kapar
14 Jun 2017 5:27 PM IST

x
Shivraj Singh meet from family of dead farmers
भोपाल: मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान ने आज मंदसौर हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की। सीएम ने पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की रकम से संबंधित कागजात सौंपे। उधर, एमपी में फिर दो किसानों की खुदकुशी की खबर आ रही है। दो दिनों के भीतर सूबे में 4 किसान खुदकुशी कर चुके हैं। परिजनों के मुताबिक, तीन पर कर्ज था। इसी के चलते वे परेशान चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, होशंगाबाद के भैरोपुर गांव के किसान माखनलाल का शव मंगलवार को पेड़ से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि माखनलाल सुबह चार बजे घर से खेत की ओर निकले थे। इसके बाद उनका शव मिला। माखनलाल पर तकरीबन 5.5 लाख का कर्ज था। इसे चुकाने के लिए वह अपनी 15 एकड़ में से 9 एकड़ जमीन बेच चुके थे। अब जमीन कम होने और कर्ज बढ़ते जाने से परेशान थे।
दूसरी घटना बड़वानी में हुई। यहां ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम पिसनावल में शोमला (60) ने सुबह करीब 10 बजे खेत के कुएं के पास कीटनाशक पी लिया। इससे उसकी मौत हो गई।उसकी पत्नी झुमकीबाई ने पुलिस को बताया पति ने गांव के हरसिंह को खेत गिरवी रख दो लाख रुपए का कर्ज लिया था। बैंक का भी एक लाख कर्ज था।
उधर, विदिशा जिले के शमशाबाद थाने के जीरापुर में सोमवार की रात किसान हरि सिंह जाटव ने जहर खा लिया। उन्हें इलाज के लिए भोपाल लाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। हरिसिंह के परिजनों का आरोप है उनके परिवार की जमीन का पिछले दिनों सीमांकन हुआ था, जिसमें पटवारी ने उसके हिस्से की जमीन को रिश्तेदार के नाम कर दिया। हरि सिंह ने कई जगह गुहार लगाई, मगर किसी ने नहीं सुनी। इससे क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया।
इसी तरह सीहोर जिले के रहटी थाना क्षेत्र के जजना गांव में पांच लाख के कर्जदार दुलीचंद्र की सोमवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजन आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं। उधर, चार किसानाें की मौत के बाद कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- तनाव के क्षण हैं, किसान वह कदम उठा लेते हैं, जो नहीं उठाने चाहिए। इसमें हम क्या कर सकते हैं।
Next Story




