
Archived
मोदी के मंत्री से है बच्चा राय का कनेक्शन, तेजस्वी का खुलासा
Special Coverage news
12 Jun 2016 6:15 PM IST

x
पटना : इंटर रिजल्ट घोटाला मामले में मुख्य आरोपी बच्चा राय एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बीच कनेक्शन का बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आज ट्वीट कर आरोप लगाया है। तेजस्वी यादव ने इसको लेकर कुछ तस्वीरें भी अपने ट्वीटर पर शेयर किया है।
उपमुख्यमंत्री ने इस मामले में ट्वीट कर कहा है कि मोदी के फेवरेट मंत्री का रिजल्ट घोटाले के आरोपी बच्चा राय और उसके पिता के साथ गहरा कनेक्शन है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में मंत्री बच्चा राय के बस पार्टनर एवं फैमिली फ्रेड भी हैं।
तेजस्वी की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि केंद्रीय मंत्री ने बच्चा राय को बिहार में मेडिकल कॉलेज खुलवाने का भरोसा भी दिलाया था। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बच्चा राय के कॉलेज में होने कार्यक्रमों में अकसर शामिल होते रहे है।
बच्चा राय के राजद की रैली में शामिल होने संबंधी भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि चुनाव के दौरान रैली में लाखों लोग शामिल होते है। सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि क्या भाजपा अपनी रैली में शामिल होने वाले सभी लोगों के चरित्र की जांच करती है। उन्होंने कहा कि राजद की रैली में बच्चा राय के शामिल होने की बात भाजपा की ओर से कुछ तस्वीरों के आधार पर किया जा रहा है।
बिहार के इंटर टॉपर घोटाले के मास्टरमाइंड बच्चा राय को शनिवार को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। बच्चा राय वैशाली जिले के भगवानपुर में बने बिशुन राय (BR) कॉलेज में मीडिया के सामने सरेंडर करने आया था, तभी पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया।
Next Story




