
बीजेपी ने मध्यप्रदेश में फिर लहराया परचम जीता विधानसभा घोड़ाडोंगरी का उपचुनाव

भोपाल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता में इजाफा करते हुए भाजपा ने बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव में आज 13,182 मतों के पर्याप्त अंतर से जीत हासिल की है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के मंगल सिंह धुर्वे ने कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व मंत्री प्रताप सिंह उईके को 13,182 मतों के अंतर से पराजित किया। धुर्वे ने 82,304 मत तथा उईके ने 69,122 मत हासिल किये।
भाजपा ने वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से 8,084 मतों से जीत हासिल की थी। इस प्रकार भाजपा ने उपुचनाव में अपनी जीत के अंतर को और अधिक किया है। भाजपा विधायक सज्जन सिंह उईके के निधन के कारण यहां उपचुनाव कराना पड़ा। इस उपचुनाव में कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच था। उपुचनाव में 30 मई को हुए मतदान में क्षेत्र के 74.48 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस उपचुनाव में भाजपा की ओर से प्रचार की कमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथ में थी और चौहान पार्टी के मुख्य प्रचारक की भूमिका में भी थे। इसके अलावा केन्द्रीय इस्पात एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने भी क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में प्रचार किया था।




