Archived

सुभाष चंद्रा का नाम इलेक्शन कमीशन की साइट से हुआ डिलीट, जांच के आदेश

Special Coverage news
17 Jun 2016 3:00 PM IST
सुभाष चंद्रा का नाम इलेक्शन कमीशन की साइट से हुआ डिलीट, जांच के आदेश
x
हरियाणा : चुनाव आयोग ने हरियाणा से राज्यसभा में पहुंचे सुभाष चंद्रा के नाम के साथ हुई छेड़छाड़ पर जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार सुभाष चंद्रा का नाम हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में जीत के परिणाम की लिस्ट में डाला गया था, लेकिन बाद में यह नाम हट गया। इससे न केवल भ्रम की स्थिति पैदा हुई बल्कि यह भी आश्चर्य हुआ कि परिणाम घोषित होने के बाद ऐसा कैसे हो सकता है।

उनके चुनाव पर सवाल उठाए जाने के बाद चुनाव आयोग ने साफ कर दिया था कि परिणाम घोषित होने के बाद उसे किसी भी प्रकार से बदला नहीं जा सकता है। लेकिन बाद में यह पाया गया कि साइट से उनका नाम हट गया है।

यह कैसे हुआ, चुनाव आयोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कहीं साइट हैक तो नहीं हो गई थी, या फिर किसी भीतरी आदमी ने इस घटना को अंजाम दिया। चुनाव आयोग का अब कहना है कि सही परिणाम एक बार फिर वेबसाइट पर डाल दिया गया है।

बता दें कि हरियाणा में राज्यसभा की दोनों सीटों पर बीजेपी ने बाजी मार ली। केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह आसानी से जीते, लेकिन कांग्रेस के 14 वोट खारिज होने से बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा की जीत अप्रत्याशित रही थी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने अपनी वरीयता नहीं बताई, तो रणदीप सुरजेवाला ने अपना वोट जाहिर कर दिया था। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में कांग्रेस पहले से ही दो खेमों में बंटी थी। देशभर में लगातार कमजोर हो रही कांग्रेस के लिए हरियाणा के नतीजे नए संकट का आगाज रहे।
Next Story