
Archived
पीएनबी में शातिर बदमाशों ने 30 लॉकर तोड़ करोड़ों रु किए चोरी, बैंक में दो दिन थी छुट्टी
Arun Mishra
13 Jun 2017 12:49 PM IST

x
बदमाशों ने 30 लॉकर तोड़ लिए और करोड़ों रुपये के कैश और जूलरी पर हाथ साफ कर दिया...
गाजियाबाद : दिल्ली-मेरठ हाईवे पर कपड़ा मिल परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में 30 लॉकर तोड़कर करोड़ों के जेवर चुराने की घटना को चोरों ने बड़े ही शातिराना अंदाज में अंजाम दिया है। दीवार में कुंबल कर बदमाशों ने 30 लॉकर तोड़ लिए और करोड़ों रुपये के कैश और जूलरी पर हाथ साफ कर दिया।
बदमाशों ने बंद पड़ी मोदी टायर फैक्ट्री की तरफ से बैंक की दीवार तोड़कर चोरी को अंजाम दिया है। वारदात से सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को हुआ है जिनके बैंक में लॉकर हैं। बताया जा रहा है कि बैंक में शहर के कई बड़े कारोबारियों का अकाउंट है। ऐसे में लॉकर से चोरी में कितना नुकसान हुआ है इस पर कोई खुलकर नहीं बोल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कई घंटों तक बैंक अधिकारियों को लॉकर रूम से दूर रखा। इस दौरान फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम जांच करती रही। वहीं, सोमवार शाम को एसएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इस मामले की एफआईआर ब्रांच मैनेजर ए. के. श्रीवास्तव की आरे से कराई गई है।
सोमवार सुबह 9:45 पर बैंक मैनेजर ए. के. श्रीवास्तव के आने पर बैंक की ब्रांच को खुलवाया गया। इसके बाद जब बैंक के स्टाफ ने लॉकर रूम का हाल देखा तो वहां पेपर और जूलरी फैली हुई थी, जिसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया। इसके बाद बैंक मैनेजर ने मामले की सूचना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बैंक में नाकेबंदी कर लॉकर रूम से स्टॉफ को दूर कर दिया और फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉड के साथ जांच शुरू कर दी।
शनिवार और रविवार को छुट्टी होने से बैंक 2 दिन बाद सोमवार को खुला था। ऐसे में बदमाशों को वारदात को अंजाम देने के लिए 3 रात और 2 दिन का लंबा समय मिला।
गैंग ने पहले छत में छेद करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं। इसके बाद बदमाशों ने बंद पड़ी टायर फैक्ट्री की तरफ से बैंक की दीवार में छेद किया और सीधे लॉकर रूम में पहुंच गए। उस हिस्से में ऊपर की तरफ प्लाई के टुकड़े लगे हुए थे उनको हटाने के बाद वह सीधा लॉकर रूम में प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने लॉकर रूम के करीब 30 लॉकर्स को अपना निशाना बनाया और करोड़ों रुपये के कैश की जूलरी पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा लॉकर रूम से पुलिस को पेचकस और छैनी भी मिली है। पुलिस का कहना है कि चोर ने इनसे ही लॉकर तोड़े हैं।
Next Story




