
यूपीए सरकार ने एक "मौनी बाबा" को पीएम बनाने के सिवा क्या दिया?

इलाहाबाद : लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार इलाहाबाद में किसी सभा को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज न सिर्फ चुनावी बिगुल फूंका बल्कि यूपी की बदहाली के लिए सपा और बस लखनऊ।
लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार इलाहाबाद में किसी सभा को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज न सिर्फ चुनावी बिगुल फूंका बल्कि यूपी की बदहाली के लिए सपा और बसपा को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की जुगलबंदी ने प्रदेश को पीछे धकेल दिया है। भाजपा की सरकार यहां बनी तो पांच साल में प्रदेश को देश का सर्वप्रथम राज्य बना देंगे। शाह ने कांग्रेस को भी नहीं बख्शा और कहा कि यूपीए सरकार के दस साल में ढाई लाख करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। इलाहाबाद में झूंसी के अंदावा मोड़ पर आयोजित सरदार पटेल किसान महासम्मेलन में चिलचिलाती गर्मी के बीच उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भाजपा को विकास के लिए पचास फीसदी अधिकार ही दिया है। विधानसभा चुनाव के जरिए शत-प्रतिशत अधिकार मिलना चाहिए। यहां विकास की सारी संभावनाएं हैं। गुजरात में 1500 फुट नीचे पानी है लेकिन यहां गंगा-यमुना का आशीर्वाद है। बीस साल से यहां सपा-बसपा की सरकार बन रही है लेकिन किसान तथा आम लोग परेशान हैं। यूपी में घूमते हैं तो दुख होता है।
इससे पहले कांग्रेस पर हमलावर शाह ने कहा कि राहुल बाबा मोदी सरकार से दो साल का हिसाब मांगते हैं। मैं पूछता हूं कि दस साल की यूपीए सरकार ने एक 'मौनी बाबा' को पीएम बनाने के सिवा क्या दिया? कांग्र्रेस शासन में अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक में घोटाले हुए। अंतरिक्ष में टूजी घोटाला, आसमान में इसरो घोटाला, जमीन पर आदर्श सोसाइटी, दरिया में सबमेरीन और पाताल में कोयला खदानों के आवंटन में घोटाले हुए। जबकि इन दो सालों में हमने एक निर्णायक प्रधानमंत्री दिया। किसानों और छात्रों की समस्याओं के साथ खड़ा होनेवाला प्रधानमंत्री दिया। भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं हैं। गांव-गरीब और किसानों के लिए योजनाएं दीं। 21 करोड़ लोगों को बैंक एकाउंट दिए। किसानों को फसल की बुआई से लेकर खलिहान तक का बीमा समेत तमाम योजनाएं शुरू की गईं। पौने चार करोड़ लोगों को मुद्रा बैंक योजना से रोजगार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव प्रदेश में मुद्रा बैंक योजना को सफल नहीं होने दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी भाजपा शासित राज्य में विकास के मानक देखे जा सकते हैं। दस मिनट में बीमार लोगों के लिए गांवों तक एंबुलेंस है। मध्य प्रदेश और गुजरात में 24 घंटे बिजली है। तालाबों का आधुनिकीकरण किया जा चुका है। लोकसभा चुनाव के बाद कई राज्यों में भाजपा की जीत इसीलिए हुई है। अब उत्तर प्रदेश की बारी है। यहां के विकास से प्रदेश ही नहीं देश का विकास होगा। सम्मेलन में पूर्व बसपा विधायक प्रवीण सिंह पटेल व कई अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्र्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।




