
जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलवाने के लिये योगी से मिले ठाकुर धीरेन्द्र सिंह

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रसिद्ध समाजसेवी सरसंघचालक रहे राजेन्द्र सिंह उर्फ रज्जू भैया के नाम पर रखने की विनती मुख्यमंत्री से की। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के निर्वाचित ग्राम प्रधानों का एक प्रतिनिधिमंडल एनेक्सी स्थित कार्यालय लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिला।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्राधिकरण ने इंडस्ट्रियल एक्ट की धारा तो लगा दी और पंचायत व्यवस्था को ध्वस्त कर, नागरिकों को होने वाली रोजमर्रा की दिक्कतों को नजरअंदाज किया। जमीन का अधिग्रहण कृषि भूमि का होता है, लेकिन एक्ट में कमी के चलते आबादी क्षेत्र में चुनी हुई पंचायतों के अस्तित्व को समाप्त कर देने से, 74वें संवैधानिक संशोधन और पंचायती राज व्यवस्था मजबूत होनी की वजाय कमजोर हुई है।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा कि इंडस्ट्रियल एक्ट की धारा 12ए अथवा पंचायत राज एक्ट को संशोधित करते हुए, लोकतंत्र की रक्षार्थ पूरे जनपद की पंचायत व्यवस्था बहाल होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने गम्भीरता से संज्ञान लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को न्याय दिलाये जाने का पूरा भरोसा दिलाया है। प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के उपरान्त जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का मुददा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने पूर्ण आश्वस्त करते हुए कहा कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का विश्वविद्यालय बनाया जायेगा, जिससे पूरे प्रदेश के नौजवानों को रोजगारपरक बेहतर और संस्कार युक्त शिक्षा सुलभ हो सके। इस मौके पर पूर्व प्रधान दयौरार, दीपक छौंकर पूर्व प्रमुख जेवर, राजेश कुमार प्रधान फलैदा, प्रमोद सिंह प्रधान रौनीजा, किरनपाल सिंह प्रधान रामपुर, शाहिद मंजूर प्रधान तिरथली, मौज्जम खांन, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।




