
राष्ट्रीय
DDCA : जेटली के इस्तीफे पर अड़ी 'आप' - घर के बाहर किया प्रदर्शन
Special News Coverage
23 Dec 2015 1:29 PM IST

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी डीडीसीए में वित्तीय अनियमितताओं के आरापों के कारण वित्त मंत्री अरूण जेटली के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को सड़क पर उतर गई। आप कार्यकर्ता हाथ में तख्तियां लिए जेटली के सरकारी आवास की ओर जाने के लिए बढ़े तो उनको तुगलक रोड पर रोक लिया गया।
पुलिस को इन्हें काबू करने के लिए पानी की बौछारें छोड़नी पड़ी। साथ ही पुलिसवालों का आरोप है कि आप कार्यकर्ताओं ने उन पर पत्थरबाजी की, लेकिन आप का कहना है कि हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्वक हो रहा है, हमने कोई पत्थरबाजी नहीं की। जेटली का निवास कृष्ण मेनन मार्ग पर है। 'आप' कार्यकर्ता वहां जाकर प्रदर्शन करना चाहते हैं। लेकिन उनको तुगलक रोड पर रोक लिया गया है। वहां पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ AAP विधायक सोमनाथ भारती और अलका लाम्बा भी थे। पुलिस ने 'आप' नेता दिलीप पाण्डेय समेत कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।

AAP ने इस्तीफे की डिमांड के लिए मंगलवार को ही अरुण जेटली के खिलाफ प्रदर्शन की घोषणा कर दी थी। आज सुबह AAP के सैकड़ों कार्यकर्ता रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गए थे। यहां से इन्होंने वित्त मंत्री अरुण जेटली के घर की ओर मार्च शुरू किया था। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार विरोधी नारे जमकर लगाए। AAP कार्यकर्ताओं के हाथों में अरविंद केजरीवाल के कटआउट लगे पोस्टर थे।

गौरतलब है कि केजरीवाल और उनकी टीम ने जेटली के कार्यकाल में डीडीसीए में करोड़ों का घोटाला होने का आरोप लगाया है। इस कारण उन्होंने पीएम से जेटली को मंत्री पद से हटाने की मांग की थी। लेकिन मोदी ने कहा कि जेटली बेदाग बाहर निकल आएंगे, उनके साथ पार्टी है।
Next Story