राष्ट्रीय

वीके सिंह का कन्‍हैया पर निशाना, कहा - रोहित वेमुला ने याकूब के लिए गोष्ठी का आयोजन किया था

Special News Coverage
6 March 2016 8:21 AM GMT
रोहित वेमुला ने याकूब के लिए गोष्ठी का आयोजन किया था
रोहित वेमुला ने याकूब के लिए गोष्ठी का आयोजन किया था



नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने रोहित वेमुला को अपना आदर्श बताने वाले जेएनयू के छात्र कन्हैया कुमार के बयान पर सवाल उठाते हुए शनिवार को कहा कि आत्महत्या करने वाले हैदराबाद विश्वविद्यालय के दलित छात्र वेमुला ने भी याकूब मेमन के लिए गोष्ठी का आयोजन किया था।

विदेश राज्यमंत्री (जनरल) वीके सिंह ने मथुरा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जेएनयू में पढ़ने वाले देश के एक युवा (कन्हैया) ने कहा है कि उसके लिए अफजल गुरू नहीं बल्कि रोहित वेमुला आदर्श है, लेकिन रोहित ने भी याकूब मेमन के लिए गोष्ठी का आयोजन किया था। क्या हम उन लोगों के साथ चलना चाहते हैं जो देश को तोड़ना चाहते हैं और देश को गाली देना चाहते हैं।”

उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के लोगों से कहा कि लेकिन आप वे लोग हैं जो देश को और मां को गाली नहीं देंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विरोधी संघ के बारे में कुछ न कुछ बोलते रहते हैं लेकिन उन जैसा देशप्रेम कम ही लोगों में होता है। संघ के कार्य को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने भी गणतंत्र दिवस परेड में उसे शामिल किया था। उन्होंने कहा कि यह बात दर्शाती है कि संघ ने देश के लिए कितना काम किया है।

विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ अभूतपूर्व सम्बन्ध बने हैं। पहले विश्वास की कमी थी, मोदी के निजी रिश्तों के चलते यह मजबूती आई है। उन्होंने कहा कि जापान ने भी पीएम के ऊपर भरोसा करके ही निवेश किया है। रूस के साथ भी सम्बंधों में आया सुधार आया है। बांग्लादेश के साथ हुआ समझौता ऐतिहासिक है, बांग्लादेशी भी खुद भारत की तारीफ करते है।
Next Story