राष्ट्रीय

कांग्रेस को बड़ा झटका, महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने दिया पार्टी से इस्तीफा

सुजीत गुप्ता
16 Aug 2021 5:14 AM GMT
कांग्रेस को बड़ा झटका, महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने दिया पार्टी से इस्तीफा
x

ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकीं सुष्मिता देव ने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने इस्तीफे की जानकारी सोनिया गांधी को पत्र के माध्यम से दी है। सुष्मिता देव का पार्टी से इस्तीफा देना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

आपको बता दें कि लंबे समय से वह पार्टी से नाराज चल रही थीं। असम विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनकी नाराजगी की खबरें लगातार सामने आ रही थीं। मार्च महीने में तो असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सुष्मिता देव के इस्तीफे की अटकलों को खारिज करना पड़ा था। उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

दरअसल, सुष्मिता देव 2014 के लोकसभा चुनाव में असम की सिल्चर सीट से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर सांसद बनीं थीं। इसके बाद उन्हें ऑल इंडिया महिला कांग्रेस का कार्यभार भी दिया गया था। लेकिन, असम विधानसभआ चुनाव में हार के बाद सुष्मिता देव का इस्तीफा कांग्रेस के लिए और भी मुसीबत बन गया है।

उन्होंने कहा, "मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ अपने तीन दशक लंबे जुड़ाव को संजोती हूं.. आपने मुझे जो मार्गदर्शन और अवसर दिए, उसके लिए मैं व्यक्तिगत रूप से आपका धन्यवाद करती हूं।" देव दिवंगत दिग्गज कांग्रेसी संतोष मोहन देव की बेटी हैं।

इस्तीफा देने से पहले सुष्मिता देव ने कांग्रेस पार्टी का वाट्सएप ग्रुप भी छोड़ दिया था। वहीं उन्होंने ट्विटर से अपना बायो भी हटा लिया है। अब उन्होंने खुद को बायो में कांग्रेस पार्टी का पूर्व नेता बताया है। यह कदम सुष्मिता देव ने तब उठाया है, जब ट्विटर ने उनके अकाउंट को निलंबित कर दिया है। सुष्मिता भी उन नेताओं में से एक हैं, जिनका ट्विटर अकाउंट राहुल गांधी के साथ निलंबित किया गया है।

Next Story