राष्ट्रीय

लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन संभव नहीं : सीताराम येचुरी

Special Coverage News
8 Oct 2018 4:24 PM GMT
लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन संभव नहीं : सीताराम येचुरी
x
उन्होंने कहा, माकपा अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी, भाजपा उम्मीदवार को हराने में सक्षम दल का समर्थन करेगी।
नई दिल्ली : माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी दलों की ओर से महागठबंधन बनाने के प्रयासों को जमीनी हकीकत से दूर बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन संभव नहीं है।

येचुरी ने सोमवार को माकपा की तीन दिवसीय केंद्रीय समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में पार्टी की चुनावी रणनीति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राज्यों में स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी की केंद्रीय समिति ने अलग-अलग राज्यों में धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ आपसी समझ के आधार पर चुनावी सहयोग कायम करने का फैसला किया है।

पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में चुनावी सहयोग वाले दलों में कांग्रेस को भी शामिल करने के सवाल पर येचुरी ने कहा कि माकपा केंद्रीय समिति ने आगामी लोकसभा और पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए तीन मुख्य लक्ष्य तय किए हैं। पहला भाजपा को हराना, दूसरा माकपा को मजबूत करना और तीसरा चुनाव के बाद वैकल्पिक धर्मनिरपेक्ष सरकार का गठन करना।

उन्होंने कहा कि इसकी प्राप्ति के लिए प्रत्येक राज्य में विभिन्न दलों के साथ सीट आधारित चुनावी सहयोग कायम किया जाएगा। येचुरी ने कहा कि त्रिकोणीय या बहुकोणीय मुकाबले वाली ऐसी सीटों पर जहां माकपा अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी, भाजपा उम्मीदवार को हराने में सक्षम दल का समर्थन करेगी।


Next Story