राष्ट्रीय

मोदी कैबिनेट विस्तार से पहले ही 11 मंत्रियों से लिया गया इस्तीफा

सुजीत गुप्ता
7 July 2021 9:51 AM GMT
मोदी कैबिनेट विस्तार से पहले ही 11 मंत्रियों से लिया गया इस्तीफा
x
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल का आज यानी बुधवार को विस्तार होने जा रहा है। शाम 6 बजे नए मंत्री शपथ लेंगे। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बाद पहली बार कैबिनेट में बदलाव होने जा रहा है। नई कैबिनेट में कई युवा चेहरों को मौका मिल सकता है। इस बीच मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को कैबिनेट से हटा दिया गया है। उन्हें लंबे समय से बीमार होने के चलते हटाया गया है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे से भी इस्तीफा ले लिया गया है । इसके अलावा महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी से इस्तीफा मांगा गया है। इसके अलावा श्रम मंत्री संतोष गंगवार से भी इस्तीफा लिया गया है। यही नहीं सदानंद गौड़ा का भी पत्ता कट गया है और शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोतरे से भी इस्तीफा ले लिया गया है।

बंगाल के सांसद बाबुल सुप्रियो से भी वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा ले लिया गया है। हरियाणा के अंबाला से चौथी बार सांसद रतनलाल कटारिया से भी इस्तीफा ले लिया गया है। राज्य मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी का भी इस्तीफा ले लिया गया है। हेल्थ मिनिस्टर डॉ. हर्षवर्धन को भी कैबिनेट से हटाया जा सकता है। वहीं मंगलवार को ही सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत को हटाकर उन्हें कर्नाटक के राज्यपाल का जिम्मा दिया गया था। इस तरह से अब तक 10 लोगों की कैबिनेट से छुट्टी कर दी गई है।

मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार में 19 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद की संख्या 53 से बढ़़कर 72 हो जाएगी। कैबिनेट फेरबदल में कुछ मंत्रियों का कद भी बढ़ाया जा सकता है। इनमें प्रमुख नाम नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी चल रहा है।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करने वाले हैं।

Next Story