पंजाब

पंजाब जेल में बंद मूसेवाला मर्डर केस के आरोपियों में गैंगवार, दो बदमाशों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Arun Mishra
26 Feb 2023 12:36 PM GMT
पंजाब जेल में बंद मूसेवाला मर्डर केस के आरोपियों में गैंगवार, दो बदमाशों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
x
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल 2 बदमाश जेल में हुए गैंगवार में मारे गए हैं।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल 2 बदमाश जेल में हुए गैंगवार में मारे गए हैं। पंजाब में तरनतारन जिले की गोइंदवाल जेल में रविवार को बदमाशों के बीच हिंसक झड़प हुई। इसमें बदमाश मनदीप सिंह तूफान और मनमोहन सिंह मोहना की मौत हो गई। एक अन्य बदमाश केशव की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि तीनों के सिर पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था।

तरनतारन के एमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. जगजीत सिंह ने कहा कि रविवार दोपहर को जेल से लाए गए तीन घायलों में दो की अस्पताल लाने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मारा गया गैंगस्टर मंदीप तूफान सिंगर मूसेवाला की हत्या की दौरान स्टैंडबाय शूटर के तौर पर मौजूद था। वह जग्गू भगवानपुरिया गैंग का मेंबर था।

कैदियों से कहासुनी हुई, फिर हिंसा में दोनों की जान गई

शुरूआती जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टर मनदीप सिंह तूफान की जेल में कैदियों के साथ किसी बात को लेकर झड़प हुई थी। इसके बाद कैदियों ने उसे पीट-पीटकर कर मौत के घाट उतार दिया। संघर्ष में तीन से चार दूसरे कैदियों के घायल होने की भी सूचना मिली है।

मूसेवाला मर्डर में स्टैंडबाय शूटर था मनदीप तूफान

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के दिन मनदीप तूफान भी घटनास्थल के आसपास ही मौजूद था। गोल्डी बराड़ ने जग्गू भगवानपुरिया के खास मंदीप तूफान के अलावा मनी रईया को स्टैंडबाय पर रखा था। इन्हें जगरूप उर्फ रूपा और मनप्रीत मन्नू को कवर देने के लिए कहा गया था। जग्गू भगवानपुरिया से पूछताछ के बाद मनदीप तूफान का नाम सामने आया था।

मूसेवाला के मर्डर के बाद अंडरग्राउंड हो गए थे दोनों बदमाश

मूसेवाला की हत्या के बाद दोनों आरोपी लुधियाना के संदीप के साथ अंडरग्राउंड हो चुके थे। संदीप ने दोनों ही आरोपियों को लुधियाना में अपने एक रिश्तेदार के घर में पनाह दे कई दिनों तक यहां पर रखा। कुछ दिन लुधियाना में रहने के बाद दोनों गैंगस्टर मनदीप सिंह तूफान और मनी लुधियाना से चले गए थे जबकि उसके बाद पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया था।

Next Story