राजस्थान

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति ने जताया दुःख

Arun Mishra
20 May 2021 5:09 AM GMT
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति ने जताया दुःख
x
राजस्थान सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का बुधवार की देर रात निधन हो गया। राज्य सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहाड़िया के निधन पर शोक जताया है।

गहलोत ने ट्वीट किया,' राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन की खबर बेहद दुखद है। पहाड़िया ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में लम्बे समय तक देश की सेवा की, वे देश के वरिष्ठ नेताओं में से थे।' गहलोत के अनुसार पहाड़िया हमारे बीच से कोरोना की वजह से चले गए, उनके निधन से मुझे बेहद आघात पहुंचा है।

उन्होंने लिखा,' शुरू से ही उनका मेरे प्रति बहुत स्नेह था, उनके जाने से मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है।'एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार 20 मई (गुरूवार) को दोपहर 12 बजे राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक होगी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन पर शोकाभिव्यक्ति होगी। पहाड़िया के सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा एवं राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, सभी सरकारी कार्यालयों में 20 मई का अवकाश रहेगा। पहाड़िया की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान से होगी।

राष्ट्रपति ने जताया दुःख

वहीँ महामहिम राष्ट्रपति ने भी राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है, 'राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन से दुःख हुआ। वंचित वर्ग की आवाज़, लोकप्रिय जनसेवक और कुशल प्रशासक, श्री पहाड़िया ने राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी राष्ट्र निर्माण में विशिष्ट योगदान किया। उनके प्रियजनों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।'


Next Story