जयपुर

सीपी जोशी ने कांग्रेस को दिया झटका, राहुल ने मांगी मांफी

Special Coverage News
23 Nov 2018 7:35 PM IST
सीपी जोशी ने कांग्रेस को दिया झटका, राहुल ने मांगी मांफी
x

क्रिकेट के मैदान में जो बल्लेबाज बैट को खुद ही विकेट के मार लेता है उसे हिट विकेट का दोषी मानते हुये मैदान से बाहर कर दिया जाता है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव की पिच तैयार है और एक से बढ़कर एक बल्लेबाज अपने कारनामें दिखा रहे हैं। 22 नवम्बर को नाथद्वारा (राजसमंद) के अपने चुनाव क्षेत्र में एक सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रहे सी.पी. जोशी ने कहा कि धर्म पर बात करने का अधिकार पंडितों को है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर साध्वी रितुम्भरा व उमा भारती तक धर्म की बातें करती हैं। कभी इनकी जात के बारे में पूछा है ? उमा भारती तो लोधी जाति की है।



जोशी ने जिस अंदाज में यह विवादित भाषण दिया, उससे प्रतीत होता है कि सभा में ब्राह्मणों की संख्या ज्यादा होगी। लेकिन जोशी जैसे दिग्गज नेता को यह समझना चाहिए कि अब सतयुग नहीं, कलयुग है और देश में वैसा ही लोकतंत्र है जैसा उनकी कांग्रेस पार्टी ने खड़ा किया है। कांग्रेस की देन वाले लोकतंत्र में धर्म पर बोलने का अधिकार सबका हो गया है, यह कोई जाति विशेष से संबंध नहीं रखता। सी.पी. जोशी माने या नहीं, लेकिन उनका यह बयान कांग्रेस को नुकसान पहुंचाएगा, क्योंकि ऐसे कई कथावाचक हैं जो ब्राह्मण न होते हुए भी भागवत और रामकथा का वाचन कर धर्म पर बोलते हैं। ऐसे विद्वानों के लाखों अनुयायी हैं।


हालांकि इस मुद्दे पर जोशी सफाई भी दे रहे हैं, लेकिन जो शब्द कैमरे में कैद हो गए, उन्हें झुठलाया नहीं जा सकता हैं। उमा भारती ने तो अपनी प्रतिक्रिया भी दे दी है। उमा का कहना है कि वे किसी जात में भरोसा नहीं रखती हैं, लेकिन जमात में भरोसा रखती है और उनकी जमात देशभक्तों की है। चुनाव के दौरान सी.पी. का यह बयान और तूल पकड़ेगा क्योंकि गुजरात में भी छोटे से छोटे नेता के बयान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी थी। जोशी के बयान से पहले बीकानेर में कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बी.डी. कल्ला वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है, जिसमें कल्ला को भारत माता की जय के नारे रोक कर सोनिया गांधी की जय के नारे लगवाते दिखाया गया।


दो दिन पहले सीएम अशोक गहलोत ने राजस्थान में मुख्यमंत्री बनने वालों के नाम गिनाएं थे, उनमें जोशी का नाम भी शामिल था, लेकिन सी.पी. जो खुद हिट विकेट हो रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर अशोक गहलोत के नम्बर बढ़ रहे है। जोशी के बयान पर गहलोत ने भी कहा कि राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि नेताओं को विवादित बयानों से बचना चाहिए। देखना है कि जोशी का बयान कहां तलक जाता है।


सी.पी. के विवादित बयान पर खुद राहुल गांधी ने खेद प्रकट किया है। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि सी.पी. जोशी का बयान कांग्रेस और कार्यकर्ताओं भावनाओं व सिद्धांतों के विपरित है। कांग्रेस के किसी भी ने ता को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए, जिससे समाज के किसी वर्ग को ठेस लगे। राहुल के ट्वीट के साथ ही सी.पी. जोशी ने भी अपने बयान पर खेद प्रकट कर दिया है।

Next Story