जयपुर

यात्रा के दौरान राहुल का फीडबैक फार्मूला, राहुल वोटर नहीं, देश चिंतक ढूंढ रहे हैं

Shiv Kumar Mishra
17 Dec 2022 9:38 AM GMT
यात्रा के दौरान राहुल का फीडबैक फार्मूला, राहुल वोटर नहीं, देश चिंतक ढूंढ रहे हैं
x

राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान में है | मैं भी इस यात्रा का सहभागी सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र में बना | वहां के लोकप्रिय एवं युवा विधायक दानिश अबरार के नेतृत्व संयोजन में इस विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं युवाओं एवं स्थानीय वासियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया | विधायक दानिश अबरार ने इस यात्रा का स्वागत घर में आई बारात की तरह किया | यात्रा की पूर्व संध्या पर सवाई माधोपुर वासियों और आसपास के मेहमानों हेतु मनोरंजन एवं संगीत संध्या का आयोजन किया और साथ ही प्रसादी का आयोजन कर इस आयोजन में सभी आयु वर्ग के लोगों का इकट्ठा भी किया | भारत जोड़ो यात्रा सुबह 6:00 बजे ही आरंभ होती है इसलिए सभी दूरस्थ निवासी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों को‌ वही उचित प्रबंध कर सोने का इंतजाम भी किया |

वही 13 दिसंबर को कुशतला से प्रातः 6:00 बजे आरंभ हुई भारत जोड़ो यात्रा सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में सवाई माधोपुर पहुंची | यात्रा का सवाई माधोपुर वासियों ने आतिशबाजी कर भावभीना स्वागत किया | स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से विधायक दानिश अबरार, रोहित बोहरा एवं चेतन डूडी वहां स्वयं उपस्थित थे | वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से महासचिव मुकुल वासनिक, वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, अलका लांबा, जयराम रमेश, देवेंद्र यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे |अर्थशास्त्री रघुराम राजन, समाज सेविका अरूणा रॉय, स्वराज आंदोलन के नेता योगेंद्र यादव, अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी इस भारत जोड़ो यात्रा मैं सम्मिलित हो चुकी हैं | सभी उपस्थित 4 विधायकों ने सूत की माला पहनाकर राहुल गांधी का स्वागत किया | मैंने भी इसी दौरान मेरे एक पत्रकार साथी, सत्य पारीक की लिखी पुस्तक " भारत जोड़ो यात्रा " जो कन्याकुमारी की शुरुआत से लेकर अब तक के सभी संस्मरण, फोटो एवं घटनाओं को लेकर लिखी गई थी, की एक प्रति माननीय राहुल गांधी जी को भेंट की गई |

यह यात्रा सवाई माधोपुर में लगभग 40 मिनट के अंतराल में शहर से गुजरी | सभी ग्रामीण वासियों और शहरवासियों में राहुल गांधी को देखने की जिज्ञासा चरम पर थी | राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी चल रही थी | उनको देखने की उत्सुकता महिलाओं में विशेष रूप से देखी गई | सवाई माधोपुर की महिलाएं चटक रंगों के साथ अपनी पोशाकों में आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी | वही बाहर से आए सभी नेता एवं कार्यकर्ता उनकी पोशाकों के रंग मिश्रण को देखकर आंखों तले उंगलियां दबा रहे थे |

बता दें, इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी संबंधित क्षेत्र के विधायक, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से विशेष रूप से वहां के राजनीतिक वातावरण का फीडबैक लेते हैं | जरूरत पड़ने पर प्रोटोकॉल तोड़कर भी वे इधर-उधर घरों में, खेतों में जाते हैं | यात्रा के दौरान बच्चों के समूह को विशेषकर वे अपने साथ जोड़ते हैं और उनसे हंसी, व्यंग और अन्य बातें भी करते हैं | वह यात्रा के दौरान दूर बुजुर्ग खड़े लोगों से बात करने के लिए स्वयं पहुंचते हैं और इस बातचीत के दौरान कोई सरकारी अधिकारी अथवा सुरक्षा अधिकारी उनके पास नहीं होता | इससे वे अपनी यात्रा के दौरान स्वच्छंद तरीके से आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों, नेताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि से बातचीत करते आगे बढ़ते रहते हैं | वे यह बातें यात्रा के दौरान करते रहते हैं और उन्हें कोई रोकने का प्रयास करता है तो वह उसे हटा देते हैं |

यहां यह भी उल्लेख करना आवश्यक है कि राहुल गांधी अपनी यात्रा रोजाना 22 से 25 किलोमीटर पूरी करते हैं | रोजाना इस यात्रा में हजारों लोग नए जुड़ते रहते हैं और अपनी सामर्थ्य के अनुसार यात्रा कर अलग होते रहते हैं |‌ उनकी पैदल चलने की गति लगभग 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा है जो सामान्य से अधिक है | कई वरिष्ठ नेता एवं नागरिक उनके साथ कुछ ही समय तक चल पाते हैं | यह सभी नेता अपनी थकान के बाद दूसरों को आगे आने का मौका देते रहते हैं | वैसे भी उनकी सुरक्षा में लगे अधिकारी भी तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे को बनाकर चलते हैं और सिर्फ सामने से ही राहुल गांधी से मिलने की अनुमति देते हैं |

इस यात्रा के दौरान स्थानीय विधायक दानिश अबरार की 3 चरणों में अलग-अलग मुलाकाते हुई | पहली मुलाकात में उन्होंने स्थानीय प्रशासन और वहां की आम जनता के बीच सामंजस्य के बारे में जानकारी ली | उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सभी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के बारे में की जानकारी ली‌| उन्होंने बातचीत में यह खुशी जाहिर की कि किसानों को अब सुविधानुसार उनकी मांग पर बिजली दी जा रही है |

इस यात्रा के दौरान स्थानीय विधायक दानिश अबरार के साथ दूसरी भेंट में उन्होंने संबंधित विधानसभा क्षेत्र में विपक्षी पार्टियों की सक्रियता और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की | राहुल गांधी का स्पष्ट मत रहा कि स्थानीय कार्यकर्ता को मजबूत किया जाना चाहिए उसके लिए सरकार ने अब तक क्या किया ? संगठन क्या कर रहा है ? इस पर विधायक ने उन्हें कहा कि पिछले चुनाव में घोषित योजनाओं का 80% काम सरकारी स्तर पर पूरा कर लिया गया है | हां उन्होंने इसमें जोड़ा की स्थानीय कार्यकर्ता को और मजबूत करने की जरूरत है |

इसी क्रम में विधायक दानिश अबरार के साथ तीसरी मीटिंग में जो मुद्दा रहा वह था आने वाले चुनाव की तैयारी के बारे में | उनका मत था कि भारतीय जनता पार्टी की कारगुजारी के चलते अब देश का आम नागरिक अपने को लूटा हुआ महसूस कर रहा है | हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हम इन सभी मजबूर देशवासियों को उनके हक दिलवाए | हम सत्ता में आए या नहीं, हमारी पार्टी उनके हितों के लिए संघर्ष करे, नेता संघर्ष करे, कार्यकर्ता संघर्ष करे, यही हम सभी कांग्रेसियों का संकल्प होना चाहिए | राहुल गांधी जी ने दानिश अबरार के विधानसभा क्षेत्र से मिले फीडबैक के आधार पर उन्हें बधाई दी और आने वाले समय में अपने संभाग में कांग्रेस को और मजबूत करने हेतु और अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया |

इस यात्रा से एक बात तो निश्चित है कि आम जनों में कांग्रेस और राहुल गांधी के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा है | इस यात्रा के दौरान प्रदेश सरकार मुखिया अशोक गहलोत के निर्देशन में घोषित सभी योजनाओं को चुनाव पूर्व पूरा करने के लिए संकल्पित है, यह जानकर राहुल गांधी जी ने भी अपनी संतुष्टि बातों से तो नहीं लेकिन भावों से प्रकट जरूर की है‌| राहुल जी द्वारा गहलोत सरकार की स्वास्थ्य चिरंजीवी योजना और शहरी मनरेगा योजना की मुक्त कंठ से प्रशंसा करना और इन दोनों योजनाओं को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मांग का भरपूर समर्थन किया है |

Next Story