
Archived
राजस्थान बीजेपी का नया फार्मूला, सांसद विधायकों में मचा हड़कंप
शिव कुमार मिश्र
24 July 2018 11:22 AM IST

x
अमित शाह बीजेपी अध्यक्ष
आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने एक नया फाॅर्मूला तैयार किया है। इसके तहत जो लोग संगठन में काम करेंगे, उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिया जाएगा। वहीं, जो चुनाव लड़ेंगे उन्हें संगठन के दायित्वों से मुक्ति दी जाएगी। चुनाव के बाद संगठन में शामिल लोंगों को नई जिम्मेदारी मिलेगी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने पिछले दिनों संपन्न हुई कार्यसमिति की बैठक में संगठन प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के समक्ष यह बात कही थी।
दरअसल, भाजपा नेताओं का मानना है कि जो लोग संगठन से जुड़े हुए हैं, यदि वे चुनाव में खड़े होते हैं तो संगठन का काम सही से नहीं कर पाते। साथ ही अपने चुनावी क्षेत्र में भी अपना 100 प्रतिशत नहीं दे पाते। उनकी जिम्मेवारियां बढ़ जाती है। यह भी होता है कि चुनाव लड़ने की इच्छा की वजह से वे संगठन के काम पर अपना पूरा ध्यान नहीं दे पाते हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए रामलाल ने यह तय किया है कि संगठन में काम करने वाले लोगों को टिकट नहीं दिया जाएगा। यदि संगठन के किसी व्यक्ति को टिकट दिया जाता है तो उन्हें अन्य जिम्मेवारियों से मुक्त किया जाएगा। साथ ही रामलाल ने यह भी कहा कि किसे टिकट देना है और किसे नहीं देना है, यह शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। संगठन के नेताओं को टिकट प्राप्त करने की कोशिश में नहीं रहना चाहिए।
रामलाल की बातों के अनुसार यदि भाजपा आगामी चुनाव में टिकट बांटती है तो इससे करीब 150 नेता प्रभावित होंगे। इनमें संगठन प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी से लेकर मोर्चा की टीम तक शामिल है। संगठन के प्रदेश महामंत्री अभिषेक मटोरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अलका गुर्जर सहित कई संगठन के सदस्य विधाक हैं। ऐसी स्थिति में या तो इन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा या फिर इनका टिकट काटा जाएगा।
बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की पूरी टीम अभी से ही जुट गई है। खुद मुख्मंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया पूरे राज्य में जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री की यात्रा की तैयारियों को लेकर 25 जुलाई को प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक बुलाई गई है। इसमें विधानसभा और जिलावार यात्रा प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश स्तर के पदाधिकारी सहित करीब 250 नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
Next Story