राजस्थान

राजस्थान : जालोर में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की गई जान, हादसे में शिकार एक शख्स का PM मोदी भी कर चुके हैं सम्मान

Arun Mishra
26 Dec 2020 10:59 AM GMT
राजस्थान : जालोर में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की गई जान, हादसे में शिकार एक शख्स का PM मोदी भी कर चुके हैं सम्मान
x
राजस्थान के जालोर जिले में शनिवार को सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।

जालोर : राजस्थान में एक बड़ा हादसा सामने आया है. राजस्थान के जालोर जिले में शनिवार को सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।जालोर जिला मुख्यालय के नजदीक बागरा थाना क्षेत्र में रीको एरिया थर्ड फेस में मोहनजी की प्याऊ के पास सुबह यह दुर्घटना हुई। वहीं इस हादसे में दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया गया।

जालोर डीएसपी जयदेव सियाग ने बताया कि 6 लोग कार में सवार होकर मांडवला जा रहे थे। मोहनजी की प्याऊ के पास सामने हंस आने से गाड़ी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें मूलतः बाड़मेर व हाल डीसा निवासी भरतभाई कोठारी, राकेश धारीवाल व विमल बोथरा की मौत हो गई। वहीं उनके दो साथी गम्भीर घायल हो गए। मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिलने पर वृताधिकारी जयदेव सियाग समेत पुलिस मौके पर पहुंचे। सियाग ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। यह बताया जा रहा है कि भरतभाई कोठारी बनासकांठा गुजरात में निवास करते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें जीव दया प्रेमी के रूप में सम्मानित भी हो चुके है।

Next Story