
शुक्रवार के दिन न करें ये काम, मां लक्ष्मी होंगी नाराज

हिन्दू धर्म में हर एक दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित है. इसी तरह शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी जी को समर्पित है. इस दिन जो भक्त पूरी श्रद्धा के साथ मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं, उनके जीवन में सुख-शांति और खुशहाली आती है. शास्त्रों में मां लक्ष्मी को धन की देवी माना जाता है. मान्यता है कि शुक्रवार के दिन आराधना करने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और सारे संकट दूर होते हैं. आर्थिक दिक्कतों से छुटकारा मिलता है और घर में सुख-समृद्धि आती है.
शुक्रवार के दिन कुछ ऐसे काम हैं जिन्हें करने से बचना चाहिए. आइए आपको बताते हैं कि इस दिन कौन-से काम नहीं करने चाहिए.
ऐसा माना जाता है कि शुक्रवार के दिन दिया गया धन वापस लौटकर नहीं मिलता है. इस दिन किसी को कर्ज देने से मां लक्ष्मी नाराज होती हैं. इसलिए कभी किसी को भूलकर भी शुक्रवार के दिन रूपया-पैसा उधार न दें और न ही लें.
शुक्रवार के दिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि इस दिन किसी भी महिला, कन्या और किन्नर का अपमान आपसे न होने पाए. वैसे तो यह बात हर दिन के लिए जीवन में उतार लेनी चाहिए. माना जाता है कि महिलाओं में मां लक्ष्मी का वास होता है और उनका अपमान करने से मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं.
शुक्रवार के दिन किसी को भी चीनी नहीं देनी चाहिए. ज्योतिष में चीनी का संबंध शुक्र और चंद्र दोनो से बताया गया है. इसलिए शुक्रवार के दिन चीनी देने से शुक्र कमजोर होता है. शुक्र भौतिक सुखों का स्वामी है, ऐसे में शुक्र के नाराज होने से भौतिक सुख-सुविधाओं में कमी आती है और आर्थिक तंगी आती है.
शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी के साथ नारायण की पूजा करनी चाहिए. मान्यता है कि मां लक्ष्मी के साथ नारायण की पूजा करने से सभी देवी-देवता प्रसन्न होते हैं और इनका आशीर्वाद प्राप्त होता है.
अपने किचन में रात के समय जूठे बर्तन नहीं छोड़ने चाहिए, इससे मां लक्ष्मी रूठ जाती है और घर में अशांति फैलती है. साथ ही स्वास्थ्य के खराब रहने की आशंका भी बनी रहती है.




